Breaking News

संविधान दिवस पर, कांग्रेस इस तरह करेगी संविधान का दमन पर विरोध प्रदर्शन

नयी दिल्ली,  कांग्रेस देश के संविधान के 70 साल पूरे होने के अवसर पर संसद के केन्द्रीय कक्ष में मंगलवार को आयोजित विशेष समारोह का बहिष्कार करेगी।

कांग्रेस सूत्रों ने  बताया कि देश में संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है इसलिए पार्टी संविधान का अनादर करने वाली सरकार के संविधान दिवस समारोह में हिस्सा नहीं लेगी।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने उत्तराखंड, कर्नाटक और गोवा सहित कई राज्यों में लगातार संविधान का दमन किया है और इसका ताजा उदाहरण महाराष्ट्र है जहां अवैध रूप से सरकार का गठन किया गया है।

देश के संविधान के 70 साल पूरे होनें के अवसर पर मंगलवार को संसद के केन्द्रीय कक्ष में विशेष समारोह का आयोजन किया गया है जिसे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडु , लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सम्बोधित करेंगे।

कांग्रेस ने संसद के दोनों सदनों में आज महाराष्ट्र के मुद्दे पर जमकर हंगामा किया जिसके कारण दोनों की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गयी। कांग्रेस सांसदों ने संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले संसद भवन परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना दिया और प्रदर्शन किया।

कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस तथा शिव सेना ने महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन हटाकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार गठित करने के मामले को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है और मंगलवार को इस बारे में फैसला आना है।