यमुनानगर में कोरोना से एक और मौत, इतने नए मामले

यमुनानगर,हरियाणा के यमुनानगर जिले में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है जहां आज 33 नए मामले आए जबकि इस महामारी के कारण एक और मरीज की मौत हो गई।

यमुनानगर के सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने बताया कि जिले में कोरोना से अब तक पांच मौतें हो चुकी हैं तथा इस समय इस बीमारी के 122 सक्रिय मरीज हैं। आज जो 33 नए मामले सामने हैं उनमें से 10 पुराने कोरोना पॉजिटिव के सम्पर्क में आये लोग हैं जबकि 10 नए मामले सामने आए हैं। ये लोग यमुनानगर के रादौर, साडोरा, पुराना हमीदा ,मधु कॉलोनी, सिविल लाइन, बुढ़िया आदि इलाकों के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि अब कोरोना के मरीज ग्रामीण एवं शहरी दोनों इलाकों में ज्यादा संख्या में मिलने लगे हैं इसलिए अब अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।

डा. दहिया के अनुसार अभी तक तीन डॉक्टर, चार स्टाफ नर्स, चार पुलिसकर्मी के अलावा बैंक कर्मचारी, रोडवेज कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। जिले में 73 वर्षीय कोरोना पीड़ित एक बुजुर्ग जिसे 10 दिन पहले गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल रेफर किया उसकी आज मौत हो गई। उन्होंने बताया कि जिले में अब 15557 लोगों के सैम्पल लिए गए हैं तथा इनमें 14800 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव और 292 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से 247 यमुनानगर के रहने वाले हैं। 504 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है तथा 169 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।

Related Articles

Back to top button