Breaking News

मुलायम सिंह के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने दी बधाई, लेकिन शिवपाल सिंंह…..

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के सोमवार को 83वें जन्मदिन पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने एक मंच पर आने की उम्मीदों के विपरीत सपा संरक्षक का अलग अलग जन्मदिन मनाया। इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित विभिन्न नेताओं ने मुलायम को जन्मदिन की शुभकामनायें दीं।

यहां स्थित सपा मुख्यालय में मुलायम सिंह का जन्मदिन सुबह से ही धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में अखिलेश के साथ मुलायम खुद मौजूद रहे। वहीं, शिवपाल ने सैंफई में केक काटकर मुलायम का जन्मदिन मनाया। गाैरतलब है कि पिछले साल मुलायम सिंह ने अपने जन्मदिन पर अखिलेश और शिवपाल द्वारा आयोजित जन्मोत्सव समारोह में अलग-अलग हिस्सा लेकर दोनों गुटों को संतुष्ट किया था। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुलायम सिंह के जन्मदिन पर अखिलेश और शिवपाल गुट के मिलने की अटकलें जतायी जा रही थी।

इधर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह में शामिल होकर सपा संरक्षक के पैर छूकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुलायम को जन्मदिन की वर्चुअल बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर अपने शुभकामना संदेश में कहा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। देश की राजनीति में उन्होंने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।”

योगी ने भी ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने बधाई संदेश में कहा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, श्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की एवं दीर्घायु होने की कामना करता हूँ।”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी मुलायम को शुभकामनायें देते हुये कहा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा सपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद श्री मुलायम सिंह यादव जी आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु हों और सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें।”

सपा स्पोर्ट्स विंग के प्रभारी अवधराज यादव ने बताया कि पार्टी के विभिन्न प्रकाेष्ठ के कार्यकर्ता हवन पूजन कर पार्टी संस्थापक की दीर्घायु की कामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सपा स्पोर्ट्स विंग ने नेता जी का जन्मदिन समाजवादी स्वाभिमान दिवस के रूप में मना रहे हैं।