
लखनऊ , उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बेटियों को न्याय दिलाने के लिए सभी तहसील मुख्यालयों पर गांधी प्रतिमा के सामने अनशन किया और उपवास के जरिये मांग की कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेटियों को सुरक्षा प्रदान करें वरना इस्तीफा दे दें।
पार्टी ने शुक्रवार शाम विज्ञप्ति जारी कर बताया कि शांतिपूर्ण अनशन से घबराई योगी सरकार की पुलिस ने प्रयागराज में आप सांसद और प्रदेश प्रभारी संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह समेत कई कार्यकर्ताओ को प्रदेश भर में हिरासत में लिया।
पार्टी प्रवक्ता वैभव माहेश्वरी समेत प्रदेश में तमाम पदाधिकारियों को पुलिस ने घर में ही नजरबंद कर दिया। लखनऊ में सदर तहसील पर महिला विंग की सुभावनी मिश्रा, बख्शी का तालाब में सह प्रभारी ब्रिज कुमार सिंह, सरोजिनी नगर में वरिष्ठ नेता बृजेश तिवारी, मलिहाबाद में वरिष्ठ नेता अफरोज आलम,प्रदेश के मुरादाबाद में ज़िला अध्यक्ष जाबिर हुसैन,उन्नाव में महेंद्र बहादुर सिंह ज़िला अध्यक्ष,चित्रकूट में संतोषी लाल शुक्ला ज़िला अध्यक्ष मैंनपूरी में अनुराग श्रीवास्तव ज़िला अध्यक्ष,शामली में राजेंद्र सिंह पहलवान ज़िला अध्यक्ष के नेतृत्व में तथा अन्य जिलों के तहसीलों पर स्थानीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में ये अनशन हुआ।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि महिलाओ के साथ हो रही बलात्कार और हत्या जैसे जघन्य अपराधों को रोकने में नाकाम प्रदेश की योगी सरकार ने अपराध के खिलाफ आवाज उठाने वालों के खिलाफ ही दमन चक्र शुरू कर दिया है। प्रदेश में जगह-जगह आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया और घर में नजरबंद कर दिया गया।
ऐसा इसलिए किया गया कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बलात्कार और हत्या की शिकार प्रदेश की बच्चियों के परिवार को न्याय दिलाने के लिए गांधी के देश पर गांधी जयंती पर शांति पूर्वक अहिंसक ढंग से उपवास और अनशन कर रहे थे मगर योगी सरकार को विरोध बर्दाश्त नहीं है। प्रदेश की योगी सरकार तानाशाही पर उतर आई है। सच्चाई को दबाने के लिए आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। कार्यकर्ताओं को लाठी से पीटा जा रहा है, सड़क पर घसीटा जा रहा है, जेल भेजा जा रहा है और फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं लेकिन आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सरकार के इस जुल्म, दमन और तानाशाही से डरने वाले नहीं हैं।