Breaking News

लखनऊ के हाई सिक्योरिटी जोन में फिर आत्मदाह

लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विधानसभा के निकट मंगलवार को एक युवती ने कथित रूप से ससुरालीजनों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्मदाह कर लिया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस आयुक्त सुजीत कुमार ने बताया कि महाराजगंज जिला निवासी अंजली तिवारी नामक महिला ने हजरतगंज क्षेत्र में कैपिटल सिनेमा तिराहे पर ई रिक्शा से उतर कर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर आग लगा ली। कुछ ही सेकेंडों में हुयी इस घटना पर त्वरित कार्यवाही करते हुये वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कंबल डालकर आग बुझायी। गंभीर हालत में महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

श्री कुमार ने बताया कि मिली जानकारी के अनुसार महिला का अपने पति से तलाक हो गया है और वह कुछ समय से एक मुस्लिम युवक के संपर्क में थी जो विदेश चला गया है जिसके चलते संभवत: उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि महाराजगंज के रहने वाले अखिलेश तिवारी से अंजली (35) का विवाह हुआ था जिसके बाद दोनो का तलाक हो गया। महिला ने धर्म परिवर्तन करके आसिफ नाम के युवक से शादी रचाई। विवाह के कुछ समय बाद आसिफ सऊदी अरब चला गया था। आसिफ के परिजन लगातार महिला को प्रताड़ित कर रहे थे। प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय के गेट नंबर 2 के सामने ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली।

गौरतलब है कि कुछ माह पहले दबंगों से परेशान होकर विधानसभा के सामने मां बेटी ने खुद को आग लगा ली थी जिसमें महिला की मृत्यु हो गयी थी जबकि उसकी पुत्री बच गयी थी।