Breaking News

वरिष्ठ पत्रकार पी. वेंकटेश्वर राव का निधन

हैदराबाद, वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक पी. वेंकटेश्वर राव का लंबी बीमारी के कारण यहां पीएस नगर स्थित आवास पर गुरुवार को निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। उनके घर में उनकी पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने श्री वेंकटेश्वर राव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने संदेश में श्री राव ने मीडिया और सामाजिक कार्यों में श्री वेंकटेश्वर राय के उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने श्री वेंकेटश्वर राव का तेलंगाना को अलग राज्य बनाने के अभियान के दौरान दिये गये नैतिक समर्थन को भी याद किया तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

श्री वेंकटेश्वर राव का जन्म अविभाजित आंध्र प्रदेश में गुंटूर जिले के पोट्टुरू गांव में हुआ था। उन्होंने लगभग सभी प्रमुख तेलुगू समाचार पत्रों ईनाडु, आंध्र भूमि, आंध्र प्रभा और उदयम आदि के साथ काम किया था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1957 में आंध्र जनता के साथ की थी। वह एक जमाने में प्रमुख तेलगू अखबार इनाडू के मुख्य संपादक थे।

वह आंध्र प्रदेश के प्रेस अकादमी के अध्यक्ष भी रहे हैं। वह पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव पर अंग्रेजी में लिखी एक किताब ‘इयर्स ऑफ पॉवर’ के संयुक्त लेखक भी थे। परिवार के सूत्रों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार आज शाम किया जाएगा।