Breaking News

सिखों का जनगणना में सही जानकारी दर्ज न करने का आरोप, चलेगी जागरुकता मुहिम

नयी दिल्ली, सिख समाज ने जनगणना में सही जानकारी दर्ज न करने का आरोप लगाया है। इसलिये जग आसरा गुरु ओट (जागो) पार्टी साल 2021 में होने वाली जनगणना में सिखों का सही विवरण दर्ज कराने के लिये जागरुकता अभियान चलायेगी।

पार्टी अध्यक्ष एवं दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के पूर्व अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने पटेल नगर स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को यह ऐलान किया।

यहां पार्टी के पहले स्थापना दिवस तथा शहीद भाई तारु सिंह की तीसरी जन्म शताब्दी को समर्पित एक विशेष कीर्तन समागम में श्री जीके ने जागरुकता मुहिम के ऐलान के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं को श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 328 गायब स्वरुपों के मामले पर खेद के लिए संगतों के सहयोग से 328 सहज पाठ करने को भी कहा।

श्री जीके ने आरोप लगाया कि जनगणना करते समय सरकारी कर्मचारी सही जानकारी दर्ज नहीं करते हैं। उन्होंने साल 1991 की जनगणना के समय तिलक नगर वार्ड में अपने स्तर पर कराई गई जनगणना तथा सरकारी जनगणना के आंकड़ों में आये अंतर का हवाला देते हुये उस समय के जनगणना आयुक्त से हुए विवाद का इस मौके पर जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि लोगों को अपना धर्म तथा भाषा सही लिखवाने के लिए जागरुक किया जाएगा, ताकि दिल्ली के सिखों की सही गिनती तथा पंजाबी भाषा के समर्थकों सही जानकारी सामने आ सके।