Breaking News

कुछ लोगों ने परिवार पर चलाई गोली, एक की मौत पांच घायल

शिवपुरी, मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र के ग्राम गांगुली में आज दो जीपों में सवार होकर आए हथियारबंद लोगों ने एक गुर्जर परिवार पर हमला करके गोलियां चला दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई और लगभग 5 लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि जिले के करैरा अनुविभाग के ग्राम छीराई नया खेड़ा की एक युवती एवं ग्राम गांगुली के युवक शिवराम गुर्जर ने 15 दिन पूर्व भाग कर शादी कर ली थी और वह गांव में आकर रहने लगे थे। इसी बात के कारण आज लड़की के परिवार के सदस्यों ने ग्राम गांगुली आकर महेंद्र के परिवार के सदस्यों पर गोलीबारी की, जिसमें महेंद्र के बड़े भाई की मौत हो गयी।

इस घटनाक्रम में 5 लोग घायल हुए हैं जिनमें एक महिला भी शामिल है। इन सभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया है। पुलिस ने मौके पर जाकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक राज महेंद्र गुर्जर बताया गया है, जो शिवराम का बड़ा भाई है। आरोपियों द्वारा हमलावर पक्ष गब्बर गुर्जर के परिवार के सदस्य एवं उनके साथी बताए गए हैं। जो फरार हैं। पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।