Breaking News

दरोगा जी ने बेंच डाली अपने ही थाने की जमीन

नई दिल्ली, पुलिस के कई कारनामे सुने होंगे लेकिन यह कारनामा सबसे अजीब है। बक्सर जिले में  थानाध्यक्ष ने ही थाने की जमीन बेच दी है।

सूत्रों के अनुसार, थानाध्यक्ष ने थाना परिसर की चारदीवारी तोड़कर किसी व्यक्ति के लिए निजी रास्ता दे दिया गया है। जो लगभग दस फीट चौड़ा और 40 फीट लंबा है।आवेदन में कहा गया हैैै कि छह लाख रुपये में यह सौदा हुआ है। इस वजह से इसकी चर्चा पूरे नावानगर प्रखंड में फैल गई है।

संबंधित व्यक्ति ने नई दीवार बनाकर उसमें अपना गेट भी लगा दिया है। जिसका घर थाने के पीछे स्थित है। इतना ही नहीं थाना परिसर से ही होकर वहां स्थित सायर व सति माई के मंदिर तक रास्ता जाता था। उसे भी बंद कर दिया गया है।

ये आरोप नावानगर के लोगों ने लगाया है। जिसका आवेदन जांच के लिए एसपी के पास पहुंचा है। पिछले सप्ताह जिले की कमान संभालने वाले एसपी उपेन्द्र नाथ वर्मा ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं।

जांच को पहुंचे अधिकारियों से थानाध्यक्ष ने कहा पीछे वाले घर तक जाने का रास्ता नहीं था। थाना परिसर से ही होकर लोगों का आना-जाना लगा रहता था। जिस पर रोक लगाने की बात पूर्व के एसपी ने कही थी। उनके निर्देश पर ही ऐसा किया गया। इस मामले में किसी तरह के भ्रष्टाचार की बात गलत है।

जांच को पहुंचे डीएसपी केके सिंह ने कहा यहां चहारदीवारी तोड़कर रास्ता दिया गया है। यह बात सामने आई है। इसके लिए कहीं से प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई। बगैर अनुमति के ऐसा नहीं होना चाहिए। हालाकि संबंधित पक्ष से कागजात की मांग की गई है। इसकी रिपोर्ट एसपी को भेजी जाएगी।

कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार अगर जनहित में ऐसा किया गया है तो इसकी अनुमति जिलाधिकारी के स्तर से दी जा सकती है। जमीन के मामले में उनकी अनुमति के बगैर कुछ करना अवैध है।