Breaking News

देश के विदेशी मुद्रा भंडार मे आयी इतने अरब डालर की बढ़त

मुंबई, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 17 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में 3.09 अरब डॉलर बढ़कर 479.57 अरब डॉलर पर पहुंच गया जो 13 मार्च के बाद का उच्चतम स्तर है।

यह लगातार दूसरा सप्ताह है जब विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा है। इससे पहले 10 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में यह 1.82 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 476.48 अरब डॉलर रहा था।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा आज जारी आंकड़ों के अनुसार, 17 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 1.55 अरब डॉलर बढ़कर 441.88 अरब डॉलर हो गयी। आरबीआई ने इस दौरान सोने की भी खरीद की। इससे स्वर्ण भंडार 1.54 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 32.68 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 3.58 अरब डॉलर पर स्थिर रही। विशेष आहरण अधिकार 30 लाख डॉलर बढ़कर 1.43 अरब डॉलर पर रहा।