फिर बिगड़ेगा मौसम,कल होगी इन इलाकों में बारिश

नई दिल्ली, राजधानी दिल्ली में 20 और 21 मार्च को बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं। इसके बाद 24 और 25 तारीख को भी इस तरह की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, सप्ताहभर के बीच लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के चलते बरसात की संभावना है। साथ ही इनसे तापमान में भी गिरावट आएगी।

राजधानी दिल्ली में अभी भी तापमान सामान्य से कम चल रहा है। बुधवार के दिन दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सुबह से ही धूप रही। हालांकि, बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी लगी रही। मौसम विभाग के सफदरजंग केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।

मौसम में हो रहे बदलावों के चलते दिल्ली की हवा अपेक्षाकृत साफ-सुथरी बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बुधवार दिन में वायु गुणवत्ता सूचकांक 151 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। सफर का अनुमान है कि गुरुवार के दिन भी वायु गुणवत्ता सूचकांक इसी के आसपास रहने की संभावना है।

दो पश्चिमी विक्षोभों के चलते अगले सात दिनों में तापमान सामान्य तौर पर 30 डिग्री या उससे नीचे रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने सिर्फ एक दिन यानी 21 तारीख को अधिकतम तापमान 31 डिग्री पर पहुंचने की संभावना जताई है। जबकि, इसके बाद तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button