ये है गरीबी ढकने का गुजरात माडल-अखिलेश यादव, पूर्व मुख्यमंत्री

लखनऊ,  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव ने गरीबी ढकने के गुजरात माडल का जिक्र किया।

पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अहमदाबाद में जिस रास्ते से गुजरेंगे वहां गरीबों की झोपड़ियां नहीं दिखाई दें इसके लिए उनके सामने दीवार खड़ी कर दी गई है। गरीबी ढकने का यह ‘गुजरात माॅडल‘ है। गरीब का इससे वीभत्स मजाक और क्या हो सकता है? ट्रम्प को भारत का यह बनावटी और चमकता भारत दिखाने का क्या मंतव्य हो सकता है?

उन्होने कहा कि गांधीजी के भारत में विदेशी मेहमान का स्वागत सादगी से क्यों नहीं हो सकता है? अजीब विडम्बना है कि जिस गुजरात ने गांधी जी को जन्म दिया, जिन्होंने गरीब भारत के प्रतिनिधि के तौर पर एक लंगोटी में पूरा जीवन बिता दिया, उसी गुजरात में जबर्दस्त शान शौकत के पटाखे दगाए जा रहे हैं। अहमदाबाद में ही गांधी जी का साबरमती आश्रम है जहां से वे दांडी मार्च के लिए निकले थे। इन सबकी उपेक्षा करना गांधीजी के आदर्शों का तिरस्कार करना है।

अखिलेश यादव ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति श्री डोनाल्ड ट्रम्प के भारत आगमन पर भारत सरकार जनता की गाढ़ी कमाई के सैकड़ों करोड़ रूपयों का अपव्यय करने जा रही है। कई लाख लोगों की भीड़ ट्रम्प जी को ‘नमस्ते‘ कहने के लिए ही जुटाई जा रही है। लेकिन दिखावे की तमाम कोशिशों के बावजूद सच्चाई पर पर्दा नहीं डाला जा सकता है। पूरे विश्व को मालूम है कि भारतीय अर्थव्यवस्था मंदी के दौर में फंसी है। बेरोजगारों को सब्जबाग दिखाकर जश्न में लगाना नौजवानों के भविष्य को अंधकार मय बनाना है। भारत का किसान अंधकार में धकेल दिया है। उन्हें भी चकाचौंध में भटकाया जा रहा है।

 

Related Articles

Back to top button