Breaking News

सड़क हादसे में तीन श्रमिकों की मौत, आठ अन्य घायल

सिवनी, मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र में आज सड़क हादसे में बिहार निवासी तीन श्रमिकों की मौत हो गयी और आठ अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार एक जीप सिवनी – जबलपुर मार्ग पर यहां से लगभग 17 किलोमीटर दूर सड़क किनारे खड़े हुए कंटेनर से टकरा गयी, जिसके कारण तीन श्रमिकों की मौत हो गयी। आठ घायल श्रमिकों को यहां जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों ने बताया कि बड़ी जीप में सवार बिहार और झारखंड के निवासी लगभग एक दर्जन श्रमिक महाराष्ट्र जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। वाहन में सवार श्रमिक काम के सिलसिले में महाराष्ट्र के सावनेर क्षेत्र में जा रहे थे।

हादसे में डबलू कुमार (23), सरजू दास (45) और मिथलेस दास (30) की मौत हो गयी, जो बांका जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। घायलों में जोगिंदर, उत्तम प्रकाश, गोवर्धन यादव, गुड्डू दास, खूबलाल, चुनमुन, खूबलाल और दीपू शामिल हैं, जो बिहार और झारखंड के बांका और देवधर जिले के निवासी बताए गए हैं। सभी का यहां जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गयी है।