UP के 74 जिलों के लिए विधिक सेवा प्रचार वाहनों और मध्यस्थता हेल्पलाइन का शुभारम्भ

लखनऊ, न्याय तक आमजन की सुलभ पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एक दिन पूर्व शनिवार को प्रदेश के 74 जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के लिए मल्टी यूटिलिटी विधिक सेवा प्रचार वाहनों को रवाना किया और राज्य स्तरीय मध्यस्थता हेल्पलाइन 1800-180-1212 का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम का आयोजन उच्च न्यायालय, खंडपीठ लखनऊ के चीफ जस्टिस पोर्टिको में भव्य रूप से किया गया।
इस अवसर पर मा. न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय एवं कार्यपालक अध्यक्ष, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण ने विधिक सेवा प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में माननीय न्यायमूर्ति पंकज मित्तल, न्यायमूर्ति अरुण भंसाली, न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय, न्यायमूर्ति चंद्रशेखर तथा न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी सहित अनेक वरिष्ठ न्यायाधीशों और गणमान्य अतिथियों ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में उपलब्ध कराए गए इन प्रचार वाहनों का उद्देश्य दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता का प्रसार करना है। इन वाहनों के माध्यम से आम नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्यायिक सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मध्यस्थता हेल्पलाइन 1800-180-1212 का भी शुभारम्भ किया गया। इस हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक अपने विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता प्रक्रिया संबंधी निःशुल्क परामर्श और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। यह पहल वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रणाली को मजबूत करने और न्याय प्रक्रिया को अधिक सरल, त्वरित एवं सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव डॉ. मनु कलिया ने किया। उन्होंने विधिक सेवा कार्यक्रमों की रूपरेखा और उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इस पहल से विधिक जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक लोगों को समय पर न्याय मिल सकेगा।





