Breaking News

UP पहले था बीमारू राज्य आज बना देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के आठ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी सरकार द्वारा प्रदेश की स्थिति में आमूलचूल बदलाव लाने के उद्देश्य से किये गये कार्यों का लेखा जोखा सोमवार को प्रस्तुत करते हुए पुरजोर कहा कि सरकार ने जिस तरह से कार्यक्रमों का क्रियान्यवन किया उसी के कारण कभी बीमारू राज्य के रूप में जाना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में जाना जा रहा है।

प्रदेश सरकार 25 मार्च को अपने आठ साल पूरे करने जा रही है। इसी उपलक्ष्य में सरकार प्रदेश भर में तीन दिवसीय 25 से 27 मार्च तक भव्य आयोजन करने जा रही है। सभी जिलों में ‘यूपी: भारत का ग्रोथ इंजन’ थीम पर भव्यता के साथ कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके एक दिन पहले मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा क‍ि उत्तर प्रदेश देश के व‍िकास को नई द‍िशा दे रहा है।

उन्होंने कहा “ आदरणीय प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायक मार्गदर्शन व विजनरी नेतृत्व में सेवा सुरक्षा सुशासन के 08 वर्ष पूरे हो रहे हैं। विशेष संवाद में आपका स्वागत, 08 वर्ष के इस शानदार यात्रा मे जनता जनार्दन का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ,इसके लिए उनका भी आभार।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 -27 मार्च को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर सरकार द्वारा समग्र विकास के कार्यो को लेकर विकास उत्सव के रूप में मनाया जाएगा,इसमे सभी सेक्टर्स के लाभार्थी युवा महिला,उद्यमी सभी के सम्मान के लिए 03 दिवसीय कार्यक्रम कल से प्रारंभ होंगे।

उन्होंने कहा कि आठ वर्ष पहले उत्तरप्रदेश की स्थिति क्या थी आप सभी जानते हैं,उत्तरप्रदेश की अर्थव्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर क्या था यह किसी से छिपा नही,यही प्रदेश है जहां किसान आत्महत्या करता था। युवा के सामने पहचान का संकट था, इसी प्रदेश में दंगे अराजकता था। इन्हें उत्तरप्रदेश ने झेला था। प्रदेश वही है,तंत्र वही है,केवल सरकार बदलने से व्यापक बदलाव कैसे होता है,इसको महसूस किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले एग्रीकल्चर के क्षेत्र में उत्तरप्रदेश उपेक्षित था। उत्तर प्रदेश प्राचीन समय से ही कृषि प्रधान रहा, हमारे पास प्रकृति की प्रचुर मात्रा में अवसर थे, हम इसको आगे बढ़ सकते थे। 2017 के पहले किसान आत्महत्या करता था, कृषि सेक्टर में एक वीरानी छाई हुई थी। आज व्यापक बदलाव हुए। कृषि विकास दर 13.5% से अधिक हुई। इससे प्रदेश के जीडीपी में 28% की बढ़ोतरी हुई। इसकी शुरुआत हमारी पहली कैबिनेट ने किया था, 36 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यो से परिणाम सामने है,आज प्रदेश अर्थव्यवस्था में नम्बर दो का राज्य है। हमारी सरकार ने पहले ही फैसले में किसानों के लिए कर्जमाफी और राज्य कर्मचारियों के लिए सांतवा पे कमीशन लागू किया। हमने जनता पर कोई बिना टैक्स लगाए एक बेहतर परिणाम दिया ।आज यूपी एक रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है,आज रोजगार की संभावना बनी है। निवेश आ रहा है तो रोजगार के साथ परिवारों के चेहरे पर खुशहाली लाता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक बदलाव लाने के लिए कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया है। गरीब कल्याण क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई,15 करोड़ प्रदेश वासी मुफ्त राशन प्राप्त कर रहे है। प्रदेश ने 56 लाख जनमानस को आवास की सुविधा दी गई है। यहां 1 करोड़ 6 लाख महिला वृद्धजनों को पेंशन मिल रहा है। डीबीटी के माध्यम से पैसा पहुचाने में उत्तरप्रदेश देश मे पहले स्थान पर है । नए वित्त वर्ष में सरकार ज़ीरो पावर्टी स्कीम लॉन्च करने जा रही है।

पहले गड्ढे से प्रदेश की पहचान होती थी,आज आप गूगल करेंगे तो सबसे ज्यादा एक्सप्रेस वे वाले प्रदेश के रूप में यूपी का नाम आता है। उत्तरप्रदेश में सबसे ज्यादा मेट्रो संचालन हो रहा है,देश की पहली रैपिड रेल सन्चालित हो रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 के पहले कानून व्यवस्था का संकट था,युवा के सामने पहचान का संकट था। प्रदेश में जबरदस्त तरीके से सुधरी कानून व्यवस्था का एक बेहतर उदाहरण महाकुंभ में दिखायी दिया, जहां 45 दिनों के आयोजन में कोई अपराध, लूट छेड़छाड़, अपहरण कोई भी घटना नही हुई,आने वाले श्रद्धालुओं के मन मे कोई असंतोष का भाव नही मिला।

देश वही है लेकिन पिछले आठ वर्ष में सरकार ने पुलिस बल को एक सिस्टम के साथ जोड़ा है। 2017 में हमारी सरकार आने पर पुलिस बल में डेढ़ लाख से ज्यादा पद खाली थे,सरकार की नियति पर जनता और न्यायालय को संदेह था। सरकार ने 01 लाख 56 हजार पुलिस कार्मिकों की भर्ती की,साथ ही मौजूदा समय ने 60 हजार 200 से अधिक नए पुलिस कार्मिकों की भर्ती प्रक्रिया समाप्त की,जिन्हें जल्दी ट्रेनिंग मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र मे 2017 से पहले मात्र 228 मेगावाट की परियोजना क्रियाशील थी,हमने 8 वर्षो में 2653 मेगावाट की सौर ऊर्जा का उत्पादन किया। उत्तरप्रदेश निवेश में पूंजी को सुरक्षित रखने वाला राज्य है,आने वाले समय मे उत्तरप्रदेश निवेशकों में एक ड्रीम डेस्टिनेशन बनने की ओर है। प्रदेश में आज़ादी से 2017 तक सिर्फ 12 मेडिकल कॉलेज थे,जबकि 8 वर्षो में 80 मेडिकल कॉलेज बने जिसमे 44 सरकारी व 36 निजी मेडिकल कॉलेज बने। पहले नर्सिंग पैरामेडिकल कॉलेज में ताले लटकते थे।

उन्होंने कहा आज हम स्टेट डेवलपमेंट रीजन सृजित करने जा हैं। लखनऊ के आसपास स्टेट कैपिटल रीजन सृजित करने जा रहे है,ऐसे ही वाराणसी, कानपुर के आसपास काम होने जा रहा है। योगी ने कहा कि 1947 से 2017 तक 1 लाख 28 हजार 494 मजरों तक बिजली पहुचाई गई थी,पिछले 8 वर्ष में यह संख्या बढ़कर 2 लाख 49 हजार 818 मजरों तक हो गई। हमने 1 लाख 21 हजार मजरों को सिर्फ 8 वर्ष में विद्युतीकरण किया।