Breaking News

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से की ये अपील

लखनऊ,उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से ये अपील की है। उन्होनें कहा कि वे नागरिकता कानून पर उपद्रवी तत्वों द्वारा फैलाये जा रहे भ्रम और बहकावे में न आए। योगी ने कहा कि लोग अफवाहों में न पड़ें और उपद्रवी तत्वों के उकसावे में भी न आएं। उन्होंने जनता से शान्ति बनाये रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में हर व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान करने का दायित्व उत्तर प्रदेश सरकार का है।

सरकार हर व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान कर रही है।उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया है कि उन तत्वों को ढूंढ निकाला जाए, जो नागरिकता कानून पर अफवाह फैलाकर लोगों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं और हिंसा फैला रहे हैं।मुख्यमंत्री ने शुक्रवार देर रात यहां जारी बयान में कहा कि जहां भी सार्वजनिक संपत्ति को उपद्रवियों ने क्षति पहुंचायी है, उस संपत्ति की भरपाई, वीडियो फुटेज तथा अन्य पुष्ट प्रमाणों के आधार पर चिन्हित किए जा रहे उपद्रवियों की संपत्तियों को जब्त करके की जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के बयान व समापवादी पार्टी(सपा) नेताओं के कृत्य अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण हैं। राजनीतिक रोटी सेकने के लिए नागरिकता कानून के नाम पर उनके द्वारा लगातार भ्रम पैदा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री पहले ही कह चुके हैं कि नागरिकता कानून किसी जाति, मत, मजहब के खिलाफ नहीं है। यह प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा की गारंटी देता है। इसके बाद भी इस प्रकार का हिंसक प्रदर्शन भारत के कानून को नकारने जैसा है। जो समाज विरोधी और राष्ट्रद्रोही तत्व देश में शांति और समृद्धि नहीं चाहते, वे ही लोगों को गुमराह कर भ्रम और हिंसा फैला रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे किसी बहकावे में न आएं और शांति बनाए रखने में सरकार का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेकर उपद्रव व हिंसा की छूट किसी को भी नहीं दी जा सकती।