यूपी: शराब पिलाने से मना करने पर नवविवाहिता की पीट पीट कर हत्या

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में शराब पिलाने से मना करने पर नवविवाहिता की पीट पीट कर हत्या कर दी गई।

औरैया जिले के सहायल क्षेत्र में पति को शराब पिलाने से मना करने पर दबंगों ने बुधवार को एक नवविवाहिता की कथित रूप से पीट पीट कर हत्या कर दी और शव फांसी के फंदे से लटका दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पहाड़पुर गांव में विजयश्री (24) का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला है। मृतका की छह माह पूर्व बलवीर सिंह के साथ शादी हुई थी, उसका मायका फफूंद थाना क्षेत्र के गांव बड़वा में है।

मृतका के भाई नरेन्द्र सिंह का आरोप है कि उसका बहनोई बलवीर शराब का आदी है। विजयश्री ने गांव में कच्ची शराब बनाने वाले सुल्तान सिंह और भोला सिंह के घर जाकर पति को दारू पिलाने के लिए मना किया तो उन्होने बहन को लाठी-डंडों से पीटा। विजयश्री ने इसकी जानकारी भाई को दी और दबंगों से कहा कि वह मामले की शिकायत पुलिस से करेगी। इस पर दबंगों ने विवाहिता की पीट पीट कर हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिये शव को लटका दिया।

दबंगों ने नरेन्द्र को फोन कर कहा कि उसकी बहन ने फांसी लगा ली है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर सुरेन्द्र नाथ और थानाध्यक्ष बृजेश भार्गव फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। आरोपी मौके से फरार हैं।

Related Articles

Back to top button