“उत्सव वंदेमातरम् ” : सुरों की लहरों में डूबा लखनऊ

लखनऊ, भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय के सहयोग से आकाशवाणी लखनऊ ने शनिवार (28 फरवरी 2026) को शाम पांच बजे से आठ बजे तक भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, कैसरबाग स्थित कलामंडपम् में राष्ट्रभक्ति और स्वाधीनता की चेतना को समर्पित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम “ उत्सव वंदेमातरम्” का आयोजन किया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि आशुतोष पांडेय, पुलिस महानिदेशक (रेडियो वायरलेस) और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ । इसके बाद उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए आकाशवाणी लखनऊ की कार्यक्रम प्रमुख सुमोना पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् के डेढ़ सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्र के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रकटीकरण है। इस प्रकार के राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होते रहना चाहिए। इस कार्यक्रम में सहयोग के लिए भातखंडे विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.मांडवी सिंह जी के प्रति आभार व्यक्त किया ।

इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आरंभ हुए। सर्वप्रथम भातखण्डे विश्वविद्यालय के छात्र कलाकारों ने छह छंदों सहित ‘वंदेमातरम्’ समूहगान प्रस्तुत किया। जिसने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। ‘स्वातन्त्रय स्वरांजलि’ में डॉ सूर्य कुमार पांडेय के गीत और केवल कुमार के संगीत में प्रतिष्ठित आकाशवाणी कलाकारों ने हिन्दी, अवधी एवं भोजपुरी में देशभक्ति से परिपूर्ण संगीतमय प्रस्तुतियाँ दीं। “तेरे लिए जियें हम, तुझ पर जान निसार करें, भारत माता हम सब तुझसे इतना प्यार करें।” इन पंक्तियों ने समां बांध दिया। ‘लोकराग’ में अवधी-भोजपुरी लोकगीतों की भव्य प्रस्तुति ने श्रोताओं को लोक संस्कृति की सजीव अनुभूति कराई। विशेष आकर्षण के रूप में ‘आल्हा गायन’ में आल्हा सम्राट, श्री रामरथ पाण्डेय और उनके साथियों ने ओजपूर्ण रणभेरी से वातावरण को वीररस से गुंजायमान कर दिया।

कविगोष्ठी ‘मातृ स्वर-धारा’ के अंतर्गत ‘राष्ट्र चेतना गीत’ की प्रस्तुति वरिष्ठ कवि डॉ शिव ओम अम्बर, शिव किशोर तिवारी ‘खंजन’, हिना रिज़वी हैदर एवं डॉ. सुमन दुबे ने की। जिसने राष्ट्रप्रेम की भावनाओं को सशक्त अभिव्यक्ति दी। ‘स्वाधीनता के स्वर’ कार्यक्रम में भारतेंदु नाट्य अकादमी, लखनऊ के प्रख्यात रंगकर्मियों ने ‘आनंदमठ’ कृति का प्रभावशाली नाट्य मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को स्वतंत्रता संग्राम के ऐतिहासिक परिदृश्य से साक्षात्कार कराया। ‘इतिहास के पन्नों से’ शीर्षक के अंतर्गत क्विज एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पुरुस्कार जीतें । कार्यक्रम के समापन पर आकाशवाणी लखनऊ के उप निदेशक राजीव रंजन पांडेय ने उपस्थितजनो को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ उमाशंकर सिंह इस भव्य कार्यक्रम के संयोजक रहे । कार्यक्रम का संचालन राजेश्वरी और नंदिनी ने किया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, कलाकारों, विद्यार्थियों एवं श्रोताओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर आकाशवाणी लखनऊ के सहायक निदेशक विनय कुमार, चंद्र प्रकाश, आशीष चतुर्वेदी और सुभाष खन्ना डॉ सुशील राय, ममता उपाध्याय,प्रवीण, रमनप्रीत , नीना व अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहें।

Related Articles

Back to top button