Breaking News

‘कभी खुशी कभी गम’ में करीना कपूर के दोस्त का रोल निभाने वाले विकास सेठी का नींद में निधन-

‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘कहीं तो होगा’, ‘कसौटी जिंदगी की’ से फेमस हुए एक्टर विकास सेठी का रविवार, 8 सितंबर को नींद में ही निधन हो गया। कहा जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हुई है।

मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट-
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि 48 वर्षीय एक्टर का निधन कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुआ। विकास सो रहे थे। सुबह जब नहीं उठे, तो उनकी वाइफ उन्हे अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परेशानी का कारण आर्थिक तंगी-
रिपोर्ट के मुताबिक, विकास पिछले कुछ समय से पैसों की तंगी से परेशान थे। उन्हें कोई काम भी नही मिल रहा था और कुछ समय से वह दोस्तों के संपर्क में भी नही थे। उनके निधन से पूरी टीवी इंडस्ट्री हैरान और दुख में है। हालांकि शोक में डूबे परिवार ने अभी तक उनके निधन पर अपना आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

बच्चों से करते थे बहुत प्यार-
विकास अपने बच्चों से इतना प्यार करते थे कि उन्होंने हाथों पर जुड़वां बच्चों के नाम का टैटू भी बनवाया था। उनके परिवार में उनकी पत्नी जाह्नवी सेठी और जुड़वां बेटे हैं। वो सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते थे। वाइफ और बच्चों के साथ कई पोस्ट भी शेयर करते रहते थे। पिछले 4 महीनों से वो सोशल मीडिया से दूर थे। 12 मई को उन्होंने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर की थी। उसके बाद कोई पोस्ट नही थी।

फिल्मों में भी किया काम-
विकास सेठी ने टीवी ही नहीं फिल्मों में भी काम किया। फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ में उन्होंने करीना कपूर के दोस्त रॉबी का रोल किया था। फिर साल 2001 में आई फिल्म ‘दीवानापन’ में भी काम किया। उन्होंने टीवी, बॉलीवुड के अलावा तेलुगु हिट ‘आईस्मार्ट शंकर’ में भी खास रोल किया।

फैंस को किया शॉक्ड-
विकास के अचानक निधन से उनके फैंस आश्चर्य में पड़ गए हैं। उन्हें इस बात पर विश्वास ही नहीं हो रहा कि वो अब इस दुनिया में नही है। फैंस ने उनकी मृत्यु पर दुख जताया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

रिपोर्टर-आभा यादव