Breaking News

बेंगलुरू में होने वाले एयरो इंडिया शो की वेबसाइट लांच

राजनाथ ने एयरो इंडिया शो की वेबसाइट लांच की

नयी दिल्ली , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगामी फरवरी में बेंगलुरू में होने वाले एयरो इंडिया शो की वेबसाइट आज यहां वीडियो कांफ्रेन्स के जरिये लांच की।

एशिया के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित एयरो इंडिया शो का 13 वां संस्करण 3 से 7 फरवरी तक बेंगलुरू में आयोजित किया जायेगा। वेबसाइट लांच करने के साथ ही एयरो शो के लिए जगह की बुकिंग शुरू हो गयी है। वेबसाइट पर प्रदर्शनी और रक्षा मंत्रालय की नीतियों के बारे में व्यापक जानकारी उपलब्ध है।

प्रदर्शनी में अपने उत्पाद पेश करने वाली कंपनी पहले आओ पहले पाओ के आधार पर ऑनलाइन स्टाल बुक कर सकेंगी। वेबसाइट पर ऑनलाइन भुगतान की सुविधा की गयी है और 31 अक्टूबर तक बुकिंग करने वालों को बुकिंग राशि में छूट दी जायेगी। इसके अलावा प्रदर्शनी में आने वाले लोग भी ऑनलाइन ही टिकट खरीद सकते हैं। मीडिया कर्मी भी इसी वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। विशेष परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य संबंधी दिशा निर्देश और जानकारी भी इस पर दी गयी है।

श्री सिंह ने अपनी हाल की मास्को यात्रा के दौरान कई देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठक की थी और उन्हें एयरो शो में आने का निमंत्रण दिया था।