Breaking News

देशव्यापी लॉकडाउन 3 के नये दिशा-निर्देशों मे क्या है खास?

नयी दिल्ली, केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ मामलों को नियंत्रित करने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन चार मई से दो हफ्ते के लिये बढ़ा दिया है।

आधिकारिक बयान में कहा गया है कि गृह मंत्रालय ने खतरों को देखते हुए देश को रेड, ग्रीन और ओरेंज जोन में बांटा है। नये दिशा-निर्देशों के मुताबिक ओरेंज और ग्रीन जोन में लॉकडाउन के दौरान पर्याप्त ढील दी जाएगी।

रेड जोन को गहन निगरानी में रखा जाएगा जिसमें 100 प्रतिशत आरोग्य सेतु एप्प को डाउनलोड करने और कोरोना वायरस के स्रोतों का पता लगाना शामिल है। कंटेनमेंट जोनों में घर-घर निगरानी की जाएगी।

रेड जोन में चार पहिया वाहनों में अधिकतम दो व्यक्तियों (चालक के अलावा) और दो पहिया वाहनों पर वाहन चालक के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को सवारी करने की अनुमति नहीं दी गयी है। इसके अलावा सभी एकल दुकानें और आवासीय परिसरों में दुकानें खोलने की अनुमति है। रेड जोन में प्राइवेट ऑफिस 33 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालित किये जा सकते हैं।

ओरेंज जोन में टैक्सी और कैब को संचालन की अनुमति रहेगी लेकिन इनमें एक वाहन में चालक के अलावा दो यात्री ही जा सकेंगे। स्वीकृत गतिविधियों के लिए ही लोग और वाहन एक से दूसरे जिले में जा सकेंगे।

ग्रीन जोन में केवल उन्हीं गतिविधियों पर पाबंदी रहेगी जिन पर देश भर में प्रतिबंध लगा है। इन क्षेत्रों में बसें केवल 50 प्रतिशत क्षमता के साथ चलेंगी और डिपो की आधी बसें ही सड़कों पर उतरेंगी।
सभी जोन में 65 वर्ष से अधिक आयु के लोग अनेक बीमारियों से ग्रस्त लोग, गर्भवती महिलाएं और 10 वर्ष से कम आयु के बच्चों को घरों पर ही रहना होगा। ये केवल जरूरत पड़ने और स्वास्थ्य संबंधी जरूरत के लिए ही बाहर निकल सकेंगे।

हवाई ,रेल और मेट्रो यात्रा के साथ साथ सड़क मार्ग से अंतरराज्यीय आवागमन पर पहले की तरह पूरे देश में प्रतिबंध रहेगा और इनके संचालन की अनुमति ग्रीन जोन में भी नहीं दी जायेगी। इसके अलावा स्कूल, कालेज, शिक्षण, प्रशिक्षण और कोचिंग संस्थान, होटल, रेस्तरां , सिनेता हाल, माल, जिम,खेल परिसर और भीड़-भाड़ वाली अन्य जगह भी पहले की तरह पूरे देश में बंद रहेंगी।
वर्गीकरण के अनुसार, अब तक भारत में 130 रेड हॉटस्पॉट, 284 ओरेंज और 319 ग्रीन जोन हैं। देश के चार महानगरों दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और मुंबई को रेड जोन में बांटा गया है।

देश में कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ संक्रमण के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही हैं और पिछले 24 घंटों के दौरान 1755 नये मामले सामने आने के साथ ही कोरोना वायरस के अब तक कुल 35,365 मामलों की पुष्टि हुई है जबकि इस दौरान 77 लोगों की मौत होने से मृतकों की तादाद 1152 हो गयी है। पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमित 692 लोगों के स्वस्थ होने के साथ ऐसे लोगों की संख्या 9065 तक पहुंच गयी है।

गृह मंत्रालय ने रेलवे मंत्रालय से देशव्यापी लॉकडाउन के कारण फंसे हुए लोगों को उनके गंतव्यों तक पहुंचाने के लिए विशेष ट्रेन चलाने के लिए कहा है। गृह मंत्रालय ने कहा,“ पूर्णबंदी के कारण विभिन्न राज्यों में फंसे प्रवासी श्रमिकों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों, छात्रों और अन्य लोगों को लाने-ले जाने के लिए रेलवे को विशेष ट्रेन चलाने की आज अनुमति दे दी गयी है।”