लखनऊ में बीजेपी दफ्तर के सामने आत्मदाह करने वाली महिला की अस्‍पताल में मौत

लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विधानसभा के सामने मंगलवार को आत्मदाह करने वाली महिला की बुधवार शाम इलाज के दौरान मृत्यु हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि महाराजगंज जिले की निवासी अंजलि तिवारी ने मंगलवार दोपहर कैपिटल तिराहे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। महिला को लगभग 90 फीसदी जली हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज शाम उसने अंतिम सांस ली।
उन्होने बताया कि महिला ने अखिलेश तिवारी नामक व्यक्ति से तलाक लेने के बाद आसिफ नामक व्यक्ति से निकाह किया था। विवाह के कुछ समय बाद आसिफ सऊदी अरब चला गया था। आसिफ के परिजन लगातार महिला को प्रताड़ित कर रहे थे। प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय के गेट नंबर 2 के सामने ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली।
उधर, महिला को आत्मदाह के लिये उकसाने के मामले में पुलिस ने कांग्रेसी नेता आलोक प्रसाद को हिरासत मं लिया है। महाराजगंज निवासी आलोक पूर्व राज्यपाल सुखदेव प्रसाद का पुत्र है। पुलिस ने उसे बीती रात करीब दो बजे गोमतीनगर स्थित आवास से हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला काे आत्मदाह के लिय उकसाने के आरोप में आलोक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ऐसे और लोगों की तलाश कर रही है जिनका इस घटना से संबंध है।

Related Articles

Back to top button