आइसोलेशन सेंटर में महिला ने दिया बच्चे को जन्म

पन्ना, मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में बाहर से आने वाले मजदूरों के लिए बनाए गए आइसोलेशन सेंटर में एक महिला ने नवजात शिशु का जन्म दिया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले के अजयगढ़ तहसील अंतर्गत बने आइसोलेशन सेंटर बरियारपुर भूमियान के छात्रावास में रह रही महिला श्रमिक कल्ली बाई केवट ने कल एक नवजात शिशु को जन्म दिया। इस महिला श्रमिक का प्रसव आइसोलेशन सेंटर में स्वास्थ्य विभाग के अमले द्वारा कराया गया। फलस्वरूप जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। मां और नवजात की समुचित देखरेख की जा रही है।

कोरोना संकट को देखते हुए पूरे देश में लॉकडाउन चल रहा है। इस दौरान महानगरों में काम करने वाले प्रवासी मजदूर काम बन्द होने पर हजारों की संख्या में अपने गृह गांव पहुंचे हैं। पन्ना जिले में भी 12 हजार से भी अधिक मजदूर बाहर से आये हैं, जिन्हे प्रशासन द्वारा छात्रावासों और विद्यालयों में 14 दिन के लिये आइसोलेशन में रखा गया है। इन आइसोलेशन सेंटरों में खाने, पीने व रहने की पूरी व्यवस्था की गयी है।

Related Articles

Back to top button