
नयी दिल्ली, प्रवासी मजदूरों को सम्मान सहित उनके घर पहुंचाने की मांग को लेकर राजघाट पर धरना दे रहे पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है।
यशवंत सिन्हा ने सोमवार शाम ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने हम लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
यशवंत सिन्हा प्रवासी श्रमिकों को घर पहुंचाने में मदद के लिए सशस्त्र बलों को तैनात करने की मांग को लेकर आज ही राजघाट पर धरने पर बैठे थे। यशवंत सिन्हा के साथ-साथ दिल्ली पुलिस ने आप सांसद संजय सिंह और प्रवासी मजदूरों की स्थिति को लेकर उनके साथ राजघाट पर धरने पर बैठे अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया । दिल्ली पुलिस अब यशवंत सिन्हा पर लॉकडाउन तोड़ने का केस दर्ज कर सकती है।
पूर्व भाजपा नेता और नरेंद्र मोदी सरकार के घोर आलोचक यशवंत सिन्हा ने इससे पहले कहा कि असैन्य प्राधिकार सड़कों पर पैदल चलने को बाध्य हुए प्रवासी मजदूरों की मदद करने में नाकाम रहे हैं, फिर चाहे केंद्र सरकार हो या राज्य सरकारें.
उन्होंने कहा, ‘हमारी साधारण सी मांग है कि सशस्त्र बलों और अर्द्धसैनिक बलों को जिम्मेदारी दी जाए कि वे अपने पास मौजूद सभी संसाधनों का उपयोग करके इन प्रवासी श्रमिकों को सम्मान के साथ उनके घर पहुंचाएं।’ सिन्हा ने कहा था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वह धरने पर बैठे रहेंगे।
बाद मे, पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा समेत अन्य लोगों को हिरासत में लेने के बाद रिहा कर दिया गया है।