अखिलेश जनता को गुमराह करने के लिए, झूठ फैला रहे – केशव मौर्य

akhileshलखनऊ,  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कुशासन व भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता को गुमराह करने के लिए मंच से लगातार झूठ फैला रहे हैं। सरकारी संसाधनों की लूट, कमीशनखोरी और खैरात बांटने वाली हवा-हवाई योजनाओं का ऐलान करने वाले मुख्यमंत्री की प्रवृति व कार्यशैली इस प्रदेश की जनता के लिए अभिशाप है।

मौर्य ने सीएम अखिलेश से सवाल किया कि उनकी सरकार ने सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार व भाई-भतीजावाद चलाने की खुलेआम छूट क्यों दी थी? लोक सेवा आयोग, उच्चतर शिक्षा चयन आयोग जैसी तमाम भर्ती संस्थाओं के अध्यक्षों की नियुक्ति में योग्यता को दरकिनार कर भाई-भतीजावाद क्यों चलाया गया और इन आयोगों की भर्तियों में भ्रष्टाचार कर प्रदेश के योग्य व काबिल युवाओं को नौकरी से क्यों वंचित रखा गया? उन्होंने कहा कि ग्राम विकास अधिकारी व अन्य पदों के लिए की गई भर्तियों में जाति विशेष के अभ्यर्थियों का चयन होना क्या अखिलेश सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार का सूचक नहीं है?

प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल किया कि लोगों को बिजली नहीं मिल रही है। शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। राजधानी के किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज तक में चिकित्सा सुविधाओं का अकाल है। सरकारी अस्पतालों में लोग दवा व इलाज के अभाव में मर रहे हैं। रोजाना सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं, आक्सीजन सिलेंडरों की कमी से मरीजों के परेशान होने की खबरें आ रही हैं। सरकार की नाकामियों से त्रस्त जनता की परेशानी दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ने पूरे कार्यकाल में कदम क्यों नहीं उठाए? मौर्य ने आगे कहा कि भाजपा ही भ्रष्टाचारमुक्त, भयमुक्त प्रदेश के निर्माण में सक्षम है ताकि दलितों, व्यापारियों और आम नागरिकों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं रोकी जा सके। 01 लाख करोड़ के खनन घोटाले के आरोपी के क्षेत्र से विधानसभा चुनाव का आगाज भ्रष्टाचार पोषक सपा एजेण्डे को जनता के सामने उजागर कर चुका है। उन्होंने कहा कि जनता को खैरात नहीं चाहिए, बल्कि उन्हें सुरक्षा, रोजगार और स्वाभिमान और सम्मान चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button