नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) से इस्तीफा देने के एक दिन बाद सभी आठ विधायक शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। दिल्ली भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित समारोह में पार्टी के प्रदेश प्रभारी बैजयंत जय पांडा और प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा की उपस्थिति में इन विधायकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा में शामिल होने वालों में पालम से दो बार से विधायक भावना गौड़, कस्तूरबा नगर से तीन बार के विधायक रहे मदन लाल, मादीपुर से तीन बार के विधायक गिरीश सोनी, जनकपुरी से दो बार के विधायक राजेश ऋषि, बिजवासन से विधायक भूपेन्द्र जून, मेहरौली से दो बार के विधायक नरेश यादव, आदर्श नगर से दो बार के विधायक पवन शर्मा, त्रिलोकपुरी से विधायक श्री रोहित मेहरौलिया, खादी बोर्ड के अध्यक्ष एवं राजेन्द्र नगर के पूर्व विधायक विजेन्द्र गर्ग, निगम पार्षद अजय राय और पालम विधानसभा के आप के अध्यक्ष संदीप चौधरी शामिल हैं। इसके अलावा काफी संख्या में आप के समर्थक भी भाजपा में शामिल हुए।
भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों ने कहा,“राजनीति में टिकट मिलना ना मिलना सामान्य बात है, लेकिन एक कार्यकर्ता के नाते उस समय दिल दुखता है, जब हम पाते हैं कि टिकट कार्यकर्ताओं को न देकर उसकी बोली लगाई गई है।”
इस मौके पर श्री पांडा ने पार्टी ने भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों का स्वागत करते हुए कहा कि चुनाव के ठीक पहले ही इतनी संख्या में विधायक, निगम पार्षद और पदाधिकारीगण ‘आप-दा’ से मुक्ति पा गए हैं और अब दिल्ली की बारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा इतिहास की सबसे बड़ी, लोकतांत्रिक और पारदर्शी राजनीतिक पार्टी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत बहुत जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनने जा रहा है। दुनिया में भारत की प्रशंसा हो रही है और दुनिया में ऐसी कोई समस्या नहीं है, जहां भारत को मदद या सलाह के लिए नहीं ढूंढा जाता है।
उन्होंने कहा,“नया भारत की राजधानी जैसी होनी चाहिए, वैसे दिल्ली नहीं है, क्योंकि पिछले 12 सालों से झूठे वायदे करके ‘आप-दा’ ने दिल्ली पर खुद को थोपा हुआ है। दिल्ली वालो ने विश्वास किया, लेकिन आज वे सभी लोग ‘आप-दा’ का साथ छोड़ रहे हैं, क्योंकि उनके भरोसो का गला घोंटा गया है।”
उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में पार्टी लगातार बड़ी होती जा रही है। उन्होंने कहा,“हम नए सदस्यों से कहना चाहते हैं कि भाजपा के लिए देश पहले, फिर पार्टी और उसके बाद खुद हम हैं।” उन्होंने कहा कि भाजपा निरंतर रुप से आगे बढ़ने का काम करती है। इसलिए दिल्ली को प्रगति लाने के लिए मोदी जी की गारंटी को लागू करने के लिए अब भाजपा की डबल इंजन सरकार दिल्ली के लिए जरुरत बन गई है।
उन्होंने कहा कि श्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना की सफाई और पीने का साफ पानी मुहैया कराने का वादा करके सत्ता हासिल की थी, लेकिन उन्होंने दिल्लीवालों को धोखा दिया। उन्होंने कहा कि आप ने डीटीसी घोटाला, राशन कार्ड घोटाला भी किया। उन्होंने कहा कि कोविड काल में जब लोग मुसीबत में थे, तो आप-दा वाले शीश महल बनाकर ऐशो आराम कर रहे थे। इन्होंने पंजाब में महिलाओं को आर्थिक मदद करने का वायदा किया था, लेकिन पूरा नही किया और अब दिल्ली की महिलाओं को भी ठगना चाह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जहां जो गारंटी दी, उसे पूरा किया। भाजपा संकल्प पत्र के 99 फीसदी वादों को पूरा कर चुकी है। उन्होंने कहा,“ओडिशा में महज सात महिने में ही 70 फीसदी वादों को हमने पूरा किया है।”उन्होंने कहा,“दिल्ली में हमने 250 से ज्यादा छोटे- बड़े वादें किये हैं, जिन्हे हम लागू करेंगे और मंत्रिमंडल की पहली बैठक में हम अनेक जनहितकारी निर्णय लेंगे।”