Breaking News

एक महीने से लापता महिला का शव मिला, पति गिरफ्तार

शिमला, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक महीने से लापता एक महिला का शव आज जंगल से मिला है, जिसके बाद पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि 23 वर्षीय ज्योति एक महीने से लापता बताई जाती थीं। अब उनका शव जंगल में एक पेड़ से चुनी से लटका हुआ मिला है। शव काफी सड़-गल चुका है, जिससे अनुमान है कि मौत कई दिन पहले हुई है लेकिन कितने दिन पहले हुई है, इसका पता जांच के बाद ही चलेगा।

ज्योति के लापता होने के बाद उसके मायके वालों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाये थे। संभवत: घर में कलह के बाद ज्योति आठ अगस्त को रात करीब साढ़े आठ बजे अपने कुत्ते के साथ घर से कहीं चली गई थीं। कुत्ता पांच दिन बाद लौट आया हालांकि ज्योति का कोई पता नहीं चला।

आशंका है कि ज्योति ने आत्महत्या कर ली थी, हालांकि पुलिस ने हत्या की आशंका को भी खारिज नहीं किया है। पुलिस ने ज्योति के पति शिव कुमार के खिलाफ प्रताड़ना का मामला पहले ही दर्ज किया था, अब आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा जोड़ी गई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है व पूछताछ जारी है।