Breaking News

कश्मीर में अगले 24 घंटों में हो सकती है बर्फबारी, मौसम विभाग ने जताई संभावना

श्रीनगर,  जम्मू कश्मीर में कश्मीर के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों में हल्की बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग कार्यालय ने कहा कि कश्मीर में आज बादल छाए हुए हैं और जम्मू क्षेत्र में अगले दो सप्ताह तक मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, साथ ही कहा कि इस अवधि के दौरान भारी हिमपात और बारिश होने का अनुमान नहीं जताया गया है।

स्वतंत्र मौसम पर्यवेक्षक फैजान आरिफ ने कहा कि शुक्रवार को बांदीपोरा, गंदेरबल और कुपवाड़ा जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या फिर बर्फबारी होने का अनुमान जताया गया है।

केन्द्रशासित प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में आज न्यूनतम तापमान एक दिन पहले के शून्य से नीचे 0.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से नीचे 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो मौसम की इस अवधि के दौरान सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार रात यह तापमान शून्य से नीचे 2.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में आज न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह तापमान शून्य से नीचे 2.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। चरवाहों की इस घाटी के लिए मौसम की इस अवधि के दौरान तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

सीमांत कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.3 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से नीचे 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में एक दिन पहले के 1.9 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से नीचे 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में आज न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात तापमान शून्य से नीचे 7.6 डिग्री सेल्सियस था।