Breaking News

कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने किये रामलला के दर्शन

अयोध्या,  उत्तर प्रदेश में अपनी जड़ों को पुन:सिचिंत करने में संजीदगी से जुटी कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बुधवार को अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन पूजन किया।

शरद पूर्णिमा के मौके पर कांग्रेस महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अयोध्या पहुंचे और भव्य मंदिर में रामलला एवं हनुमानगढ़ी में दर्शन पूजन किया।

अविनाश पाण्डेय ने कहा “ जिस न्याय की लड़ाई को राहुल गांधी पूरे देश में लड़ रहे हैं, हमने प्रभु राम से प्रार्थना की है कि उस लड़ाई जो देश हित में लड़ने के लिए हमें शक्ति दें।”
उन्होंने कहा “ प्रभु राम ने अपना पूरा जीवन जिस सत्य के लिए लड़ाई लड़ी है। हम सभी उसी का अनुसरण करते हुए सत्य की राह पर चलते हुए असत्य और दुर्जनों के खिलाफ उन्हीं की तरह संघर्ष करते रहे। ”

अजय राय ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम ने जो रास्ता दिखाया है, हम कामना करते हैं कि सभी लोग उस पर चले और मर्यादा का पालन करे। हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें प्रभु राम के दर्शन का सुख मिला। हम प्रभु से यह कामना करते हैं कि समाज में संपन्नता और खुशहाली आए और सभी लोग मर्यादित आचरण करते हुए अपना काम करें।