केजरीवाल ने ऐशो आराम के लिए बनाया था शीशमहल : मुख्यमंत्री रेखा

नयी दिल्ली, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल पर प्रहार करते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनता की खून पशीने की कमाई से अय्याशी के लिए शीश महल बनाया था।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद प्रवीण खंडेलवाल के साथ शालीमार बाग शीश महल पार्क के जीर्णोद्धार के बाद उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने शीश महल केवल अपनी अय्याशी के लिए बनाया था। उन्होंने कहा कि जनता के खून-पसीने की कमाई के पैसे से बनाया गया शीश महल को अब जनता की सुविधा के लिए समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले और आज की सरकार में यही फर्क है। जनता का शीश महल आबाद रहे लेकिन जिन लोगों ने अपने स्वार्थ के लिए किया उसे तो कानून ही देखेगा।
उन्होंने केजरीवाल सरकार के दौरान बनाये गये शीश महल के उद्घाटन करने के सवाल पर कहा कि उसे उद्घाटन करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता के खजाने से निकला हुआ पैसा उनके खजाने में जाये इसी दिशा में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी की समृद्ध विरासत को संरक्षित रखने के साथ-साथ ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, पुनरुत्थान और जनसुलभ बनाने के लिए सतत रूप से कार्य कर रही है।