चांदनी चौक में निकली तिरंगा यात्रा, चारों ओर बिखरा देशभक्ति का जलवा

नयी दिल्ली, राष्ट्र ध्वज तिरंगा के प्रति सम्मान और देशभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सांसद प्रवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में मंगलवार को चांदनी चौक में तिरंगा यात्रा निकाली गयी, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता शामिल हुए। यह यात्रा ऐतिहासिक लालकिले की प्राचीर के नीचे से फतेहपुरी तक निकाली गयी।

इस तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों में देशभक्ति का जोश और उमंग देखने को मिला। चारों ओर लहराते तिरंगों की छटा से पूरा वातावरण अद्भुत और प्रेरणादायी बना हुआ था। सड़क के दोनों ओर, इमारतों की छतों पर, दुकानों के सामने, और लोगों के हाथों में तिरंगे ही तिरंगे लहरा रहे थे। हर ओर देशभक्ति के नारों की गूंज रहे थे।

यात्रा में न केवल व्यापारी वर्ग ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, बल्कि बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, कामगारों और स्थानीय निवासियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी के चेहरों पर देश के प्रति गर्व, आत्मसम्मान और एकता की झलक साफ दिखाई दे रही थी।

सजे-धजे बैंड, ढोल-ताशे, शहनाई और तुरही की धुनें पूरे मार्ग में देशभक्ति की लहर पैदा कर रही थीं। यात्रा चांदनी चौक की ऐतिहासिक गलियों से गुज़रती हुई आगे बढ़ी, और रास्ते में अनेक स्थानों पर स्थानीय व्यापारिक संगठनों और आरडब्ल्यूए द्वारा फूलों की वर्षा और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया गया।

पूरे मार्ग में ‘हर गली–हर मोहल्ला, हर दिल में तिरंगा लहराएं’, ‘हर घर तिरंगा–हर दुकान तिरंगा’, ‘तिरंगा आन भारत की–तिरंगा शान भारत की’ तथा ‘भारतीय सामान–हमारा स्वाभिमान’ जैसे सशक्त और प्रेरणादायी नारों से वातावरण लगातार गूंजता रहा।

इस मौके पर श्री खंडेलवाल ने कहा कि यह यात्रा मात्र एक शोभायात्रा नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गहरे सम्मान और अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘भारतीय सामान – हमारा स्वाभिमान’ अभियान को नयी ऊर्जा और गति प्रदान करने का एक महत्त्वपूर्ण और निर्णायक कदम भी है।

Related Articles

Back to top button