दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या

पीलीभीत, उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र में कथित रूप से दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता की हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार मृतका बरखेड़ा थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव की रहने वाली दीपमाला की शादी नवंबर 2023 में चठिया गांव निवासी मुनेंद्र के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी में सामर्थ के अनुसार दहेज दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल वाले सोने की चेन और गाड़ी की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर दीपमाला को लगातार प्रताड़ित करते थे। सोमवार को भी उसे दहेज के लिए परेशान किया गया।
परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले दीपमाला को जहर देकर उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया। हालत बिगड़ने पर उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पूरे प्रकरण की जानकारी अमरिया पुलिस को दी गई है। पोस्टमार्टम अमरिया पुलिस की देखरेख में कराया जाएगा। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।