Breaking News

धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के संविधान की सुरक्षा कर रहे समाजवादी

अयोध्या,  समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता एवं सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के संविधान की सुरक्षा समाजवादी कर रहे हैं।

धर्मेन्द्र यादव ने शुक्रवार को लखनऊ से खलीलाबाद जाते समय सोहावल स्थित टोल टैक्स पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के संविधान की सुरक्षा समाजवादी कर रहे हैं। वर्तमान देश और प्रदेश की सरकार लगातार बाबा साहब के संविधान को कमजोर करने की साजिश कर रही है। आरक्षण पर लगातार हमला हो रहा है। हम समाजवादी लोग सदन से लेकर सडक़ तक बाबा साहब के संविधान की सुरक्षा के लिये मुस्तैदी से संघर्ष कर रहे हैं। सांसद ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में सपा मुखिया अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की जीत से देश और प्रदेश की राजनीति में सपा का कद बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या की महान जनता ने लोकसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी को जिताकर पूरे देश में भाईचारा, प्रेम व धर्मनिरपेक्षता का संदेश दिया है।

सपा सांसद ने कहा कि अयोध्या से सपा को आशीर्वाद मिलने से 2027 में समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेगी और उत्तर प्रदेश में होने वाले उपचुनाव में समाजवादी पार्टी सभी जीत जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी उपचुनाव में ऐसा पहली बार हुआ है कि मुख्यमंत्री स्वयं एक विधानसभा के प्रभारी बनकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी से लेकर प्रधान और कोटेदार पर दबाव बनाया जा रहा है। जाति देखकर सरकारी कर्मचारियों का ट्रांसफर किया जा रहा है। प्रदेश में कानूून व्यवस्था का बुरा हाल है। डबल इंजन का नारा देने वाले केन्द्र व प्रदेश के आपसी टकराव में जनता पिस रही है।

बीकापुर विधानसभा से समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी रहे हाजी फिरोज खान गब्बर द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में सपा सांसद भी शामिल हुए। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव, पूर्व विधान परिषद सदस्य राजेश यादव, सपा जिला उपाध्यक्ष एजाज अहमद, महिला सपा नेत्री रोली यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।