Breaking News

बारात लेकर नहीं आने पर वर पक्ष पर थाने में दहेज की मांग का मुकदमा दर्ज

रायबरेली, उत्तर प्रदेश के रायबरेली के शिवगढ़ इलाके में दुल्हन और वधु पक्ष वाले दूल्हे और बारात का इन्तेजार करते रहे लेकिन जब वर पक्ष वाले नही आये तो हार कर कन्या पक्ष की तहरीर पर थाने में दहेज की मांग का मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार यहां के शिवगढ़ इलाके में राजेन्द्र जायसवाल के यहाँ शनिवार को सीतापुर से बारात आनी थी लेकिन काफी प्रतीक्षा के बाद भी जब उनके दरवाजे पर बारात नही आई तो वधु पक्ष वालों के होश उड़ गए। जिसके बाद आज वधु पक्ष के लोगो ने वर व उसके परिजनों के खिलाफ तहरीर देकर दहेज की मांग आदि का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि तिलक में वधु पक्ष की ओर से कम दहेज दिया गया था जिसके कारण वर पक्ष नाराज था।

बताया गया कि सीतापुर जिले के थाना तंबौर इलाके के अंकित पुत्र अच्छेलाल की शादी शिवगढ़ इलाके में राजेंद्र जायसवाल की बेटी से तय हुई थी और शनिवार को बारात आनी थी। मगर बहुत इन्तजार के बाद भी बारात नही आई। वधु पक्ष का आरोप है वर पक्ष दहेज की मांग कर रहा था।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह बात भी सामने आई कि वर पक्ष की ओर से कहा गया कि उनके पुत्र ने पहले ही शादी कर ली है।
बहरहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच एवं अन्य कार्रवाई की जा रही है।