बिहार में भाजपा को मिलेगी सबसे बड़ी जीत : उपमुख्यमंत्री

अयोध्या,  उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने मंगलवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दिल्ली से बड़ी विजय बिहार में मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने शहर के देवकाली बाईपास स्थित एक रिसोर्ट में भाजपा द्वारा आयोजित डा. भीमराव अम्बेडकर सम्मान सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में भाजपा को जो जीत हासिल हुई है,उससे कई गुना बड़ी जीत बिहार में मिलने जा रही है।

उन्होंने कहा “ हमारी राजनीति धोखे, भ्रष्टाचार की नहीं है बल्कि सबका साथ, सबका विकास की है।” उन्होंने वक्फ संशोधन बिल पास होने पर कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के तहत कुछ दल इसका पूरे देश में विरोध करने की कोशिश कर रहे हैं जबकि वक्फ संशोधन बिल 90 प्रतिशत मुसलमानों के पक्ष में है। कांग्रेस व सपा का वोट बैंक खत्म होने वाला है। भाजपा एक जन जागरूकता अभियान को लेकर हर मण्डल तक जाने वाली है। भाजपा का कार्यकर्ता मुसलमानों को वक्फ संशोधन बिल को समझाने के बारे में सफल हो गया तो समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को मुस्लिम बाहुल्य बूथों पर एजेंट खोजने पड़ेंगे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का मुस्लिम बाहुल्य बूथों पर कमल नहीं खिला है इस पर बहुत बड़ा अभियान है। इस देश के गरीब मुसलमानों को यह बात समझायेंगे। अगर हम उनको यह समझाने में कामयाब होंगे तो मुस्लिम बूथों की ईवीएम मशीन भी कमल के फूल से लबालब होगी। अगर बिल का ठीक तरीके से प्रचार किया तो निश्चित तौर पर समाजवादी पार्टी समाप्त पार्टी बनेगी।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी जायेगी, दिल्ली से बड़ी विजय बिहार में मिलेगी, भ्रष्टाचार समाप्त कर सबका साथ, सबका विकास भाजपा करेगी। उन्होंने कहा कि आजादी मिलने के बाद सरदार पटेल ने सोमनाथ मंदिर का काम किया। अगर कांग्रेस के मन में हिन्दू विरोध नहीं होता तो तुष्टीकरण नहीं होता। जब सोमनाथ का मंदिर बना था उसी समय श्रीरामजन्मभूमि पर मंदिर बन जाता लेकिन उन्होंने मंदिर नहीं बनाया। कैसे विवाद बना रहे व मुस्लिम वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल होता रहे इस प्रकार की साजिश करते हैं, लेकिन आज रामलला का भव्य मंदिर बनकर तैयार है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिसने भारत को विश्व का सबसे बेहतरीन संविधान देने का काम किया उस बाबा साहब को भारत रत्न के लिये 1990 तक भाजपा के समर्थन वाली सरकार का इंतजार करना पड़ा। नेहरू, इंदिरा व राजीव के नाम से अनेक योजनायें होंगी लेकिन कांग्रेस की सरकार ने बाबा साहब के नाम से एक भी योजना नहीं बनी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बहुमत की सरकार आयी तो बाबा साहब से जुड़े पांच स्थानों को भाजपा की सरकार ने पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का कार्य किया। बाबा साहब की शिक्षा भूमि लंदन में तीर्थ विकसित करने का कार्य किया है। बाबा साहब महिलाओं की सभी क्षेत्रों में भागीदारी चाहते थे। कांग्रेस की राजीव सरकार ने शाहबानो प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बदल दिया। नरेन्द्र मोदी की सरकार ने देश की आधी आबादी को बाबा साहब के सपनों को साकार करते नारी वंदन अधिनियम दिया। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन कभी गरीबी नहीं हटी। वहीं मोदी सरकार के दस साल के कार्यकाल में पच्चीस करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गये।

इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ विभागीय बैठक की। इस अवसर पर भाजपा के महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, नगर निगम के अयोध्या महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, महामंत्री शैलेन्द्र कोरी, तिलकराम मौर्या, डा. राकेशमणि त्रिपाठी, परमानन्द मिश्र, अमल गुप्ता, सूरज सोनकर, काशीराम रावत सहित भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button