Breaking News

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर देश भर में कार्यक्रम

नयी दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आदिवासियों के भगवान बिरसा मुंडा की 147वीं जयंती पर मंगलवार को उन्हें याद किया तथा श्रद्धांजलि अर्पित की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर उनके जन्म स्थली झारखंड के खूंटी के उलीहातू में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

राष्ट्रपति दिल्ली से आज सुबह भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पहुंची थी जहां राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी अगवानी की और फूलों का गुलदस्ता देकर उनका अभिनंदन किया। बाद में श्रीमती मुर्मू भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी के उलिहातू भारतीय वायु सेना के विशेष हेलिकॉप्टर एम आई 13 से गई। उन्होंने झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा की जन्म स्थली उलीहातू, खूंटी में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से मुलाकात की।

राष्ट्रपति के अलावा झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी और राज्य की महिला, बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री जोबा मांझी ने भी उलीहातू में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा बिरसा मुंडा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने आज सुबह संसद भवन परिसर में बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा एक निर्भीक नेता थे जिन्होंने आदिवासी आंदोलन का नेतृत्व किया और स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका साहस और राष्ट्र के प्रति अप्रतिम प्रेम सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को धार देने और आदिवासी समाज के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करने में उनके योगदान को याद किया और बिरसा मुंडा को ‘देश का महान सपूत’ बताया। उन्होंने कहा , “ श्री मोदी ने कहा,“आज पूरा देश भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मना रहा है। मैं देश के महान क्रांतिकारी, महान सपूत भगवान बिरसा मुंडा को सादर नमन करता हूं। वह न केवल हमारी राजनीतिक स्वतंत्रता के नायक थे, बल्कि वे हमारी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक ऊर्जा के संवाहक भी थे।”

बिरसा मुंडा की जयंती पर श्री मोदी ने ट्विटर पर जारी किए अपने वीडियो संदेश में कहा “ मैं इसे अपनी सरकार का सौभाग्य मानता हूं कि उन्हें 15 नवंबर (बिरसा मुंडा की जयंती) को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने का अवसर मिला।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें याद करते हुए दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी संविधान पर प्रतिदिन हमला करती है क्योंकि वह यह स्वीकार नहीं करना चाहती कि दलितों, आदिवासियों और गरीबों को अधिकार मिलने चाहिए। आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती पर महाराष्ट्र के वाशिम जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा,“आदिवासी देश के मूल मालिक हैं और उनके अधिकार सबसे पहले आते हैं।” रैली में आदिवासी समाज के लोग भी शामिल हुए।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वाधीनता संग्राम में भगवान बिरसा मुंडा का विशेष योगदान रहा है और आजादी के आंदोलन में उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान भी दिया। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर श्री योगी ने आज सेवा समर्पण संस्थान सेवा कुंज आश्रम कारीडाड़ चपकी के परिसर में बिरसा मुंडा के प्रतिमा का अनावरण किया और वनाधिकार अधिनियम-2006 के अंतर्गत 23 हजार 325 लोगों को पट्टा वितरण एवं 575 करोड़ रुपये की 233 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया।

उत्तर प्रदेश में जौनपुर के सरावां गांव में शहीद लाल बहादुर गुप्त स्मारक पर हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन आर्मी और लक्ष्मीबाई ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने आदिवासी नेता एवं महान स्वतन्त्रता सेनानी बिरसा मुंडा का जन्मदिन मनाया और उन्हें नमन किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने शहीद बिरसा मुंडा की याद में मोमबत्ती एवं अगरबत्ती जलायी और दो मिनट का मौन रख कर महान क्रांतिकारी श्री मुंडा को याद किया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से जनजातीय समुदायों की शोभा यात्रा का फ्लैग ऑफ किया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाये जा रहे जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य की जनजातियो के लोगों ने शोभायात्रा निकाली।

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के देहरादून स्थित राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह से राज्य की थारू, बोक्सा, जौनसारी, राजी और भोटिया जनजातियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने सभी को जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि जनजातीय समाज का विकास पूरे देश के विकास से जुड़ा हुआ है। जनजातीय समाज एवं वंचित वर्गों के विकास और सशक्तिकरण में मध्यप्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान है। मध्यप्रदेश में जनजातीय महापुरूषों की स्मृति को बनाए रखने और भावी पीढ़ी तक पहुँचाने के लिये सराहनीय प्रयास किये हैं। इसके लिये राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित सभी संबंधित बधाई के पात्र है।

श्रीमती मुर्मू आज मध्य प्रदेश के शहडाेल के लालपुर में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश में जनजातीय वर्गों के कल्याण के लिये जिन प्रकल्पों को प्रारंभ किया गया है, वे सभी राष्ट्रीय महत्व के हैं। अनुसूचित क्षेत्रों के लिये बनाए गए नये नियम जनजातीय क्षेत्रों के सशक्तिकरण एवं जनजातीय वर्ग को उनके अधिकार दिलाने में प्रभावी होंगे। सम्पूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, बिरसा मुंडा स्व-रोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, महिला उद्यमियों का सम्मान सभी जनजातीय सशक्तिकरण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।

मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने जनजातीय जननायक बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन किया है। श्री पटेल ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहूति देने वाले महान आदिवासी नेता एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें शत शत नमन किया है।

जनजातीय नायक बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिरसा मुंडा जयंती पर सभी जनजातीय भाईबहनों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट किया,“जल, जंगल, जमीन तथा जनजातीय अस्मिता और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महान जनजातीय योद्धा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उनके चरणों में कोटि कोटि नमन एवं आप सभी को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जनजातीय नायक बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने अपने ट्वीट के माध्यम से कहा कि आज भगवान बिरसा मुंडा की जयंती है। आजादी की लड़ाई में उन्होंने जिस अदम्य वीरता का परिचय दिया और आदिवासी समुदाय को लेकर अंग्रेजों से जिस तरह मुकाबला किया, उस पर हर भारतीय को गर्व है। वे ना सिर्फ आदिवासी समुदाय बल्कि संपूर्ण भारतवर्ष के महानायक हैं। भगवान बिरसा मुंडा को शत-शत नमन।

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने आदिवासी समाज की कला, संस्कृति और शिल्प को व्यापक स्तर पर संरक्षित किए जाने का आह्वान किया है। उन्होंने क्रांतिकारी महापुरुष बिरसा मुंडा की जयन्ती के अवसर पर मंगलवार को राजभवन में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस सम्मान समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज में आर्थिक विषमता दूर करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं और आजीविका के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने जनजातियों के समग्र विकास के उद्देश्य से इन क्षेत्रों के लिए योजना निर्माण में नवाचारों और नए कार्यक्रमों को आवश्यकता अनुरूप समावेश किए जाने पर भी बल दिया।

इसके अलावा विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में भी बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर समारोहों का आयोजन किया गया तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।