Breaking News

भाजपा की रग-रग में ‘राष्ट्र का अपमान’ करने की आदत : ‘आप’

नयी दिल्ली,  आम आदमी पार्टी (आप)ने बुधवार को कहा कि देशभक्तों, शहीदों और राष्ट्र का अपमान करना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रग-रग में बसा है।

‘आप’ के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने संवाददाताओं से आज कहा कि भाजपा ने अपना चरित्र नहीं बदला है। इसी चरित्र के चलते भाजपा और उसके पुरखे देश के लिए मर-मिटने वाले शहीदों का बार-बार अपमान करते हैं। भाजपा के लोग बार-बार वही चरित्र दिखाते हैं, जो इनके पुरखों ने आजादी के आंदोलन में दिखाए थे। आजादी के आंदोलन में भाजपा वालों के पुरखों ने अंग्रेजों का साथ दिया था, स्वतंत्रता सेनानियों की जासूसी की और उनके खिलाफ काम किया था। आज वही काम देश की राजधानी दिल्ली में भाजपा करने जा रही है।

श्री सिंह ने कहा,“विरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की एक मूर्ति यहाँ आरएसएस दफ़्तर के सामने लगी हुई है। आरएसएस और भाजपा को बर्दाश्त नहीं है कि देश के लिए कुर्बानी देने वाली रानी लक्ष्मीबाई की मूर्ति कैसे लगी हुई है। भाजपा के लोग कुचक्र रचकर लक्ष्मीबाई की मूर्ति को यहाँ से हटाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा की गद्दारी का इतिहास पूरा देश जानता है। आरएसएस ने 53 साल तक अपने मुख्यालय पर भारतीय तिरंगा नहीं फहराया।”

‘आप’ नेता ने कहा,“ संसद के अंदर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बाबा साहब डॉ. अंबेडकर, छत्रपति शिवाजी महाराज की जहां प्रतिमा लगी थी, उसे देखने और नमन करने के लिए पूरे देश के लोग आते थे। लेकिन इन्होंने वहां से इन महापुरुषों की प्रतिमाएं हटा दी। भाजपा की केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद के अंदर भी महात्मा गांधी, बाबा साहब डॉ. अंबेडकर, छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान किया। अब दिल्ली में 1857 की योद्धा झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा हटाने जा रहे हैं। हरियाणा के चुनाव में भी हम लोग इस मुद्दे को जगह-जगह बताएंगे कि देशभक्तों का अपमान देशद्रोह है और यह देशद्रोह दिल्ली के अंदर भाजपा खुलेआम करने जा रही है।