श्री सचदेवा ने मंगलवार को कहा,“मैं कल सुबह ठीक सात बजे दिल्ली को भ्रष्ट, आराजक, अकर्मण्य शासकों से मुक्त कराने के लिए मतदान करूंगा और सभी दिल्ली वाले सुबह सात बजे से ही मतदान प्रारम्भ करें।”
उन्होने कहा कि आप गुमराह कर रही है कि मतदान नौ बजे शुरू होगा, जोकि पूरी तरह से असत्य है। उन्होंने कहा कि दिल्ली वाले ध्यान रखें कि मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा। साथ ही इस बात का ध्यान रखें कि केवल चुनाव अधिकारी स्याही लगाते हैं, वो भी हाथ की उंगली में।
भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा दिल्ली की सभी 12 आरक्षित सीटों पर शानदार प्रदर्शन करने जा रही है और यही कल होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत का आधार बनेगा।
उन्होंने कहा कि आप और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पास 10 वर्ष के शासन की उपलब्धि को दर्शाने के लिए कुछ नहीं था, जिसके चलते श्री केजरीवल ने एक नकारत्मक नफरत भरा चुनाव अभियान चलाया।
उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल ने गत दो माह भाजपा तथा अन्य दलों के साथ ही पुलिस, प्रशासन, चुनाव आयोग तक को कोसने में निकाल दिए। उन्होंने श्री केजरीवाल और मुख्य सुश्री आतिशी प्रचार के नाम पर केवल मीडिया तक सीमित रह गये और गाली-गलौच नफरत फैलाते रहे। वहीं, भाजपा के नेता और कार्यकर्ता सफलता के साथ श्री केजरीवाल के शराब और शीश महल घोटालों के साथ मुक्ति बिजली पानी के नाम पर घोटाले का भी सच जनता को समझाने में सफल हुए।
श्री सचदेवा ने कहा,“चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं से मंथन के बाद मै कह सकता हूं की हमे समाज के हर वर्ग का भरपूर समर्थन मिल रहा है और भाजपा तीन चौथाई से अधिक के बहुमत से चुनाव जीतेगी।”
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है की इस चुनाव में भाजपा ने जहां बड़ी सभाएं, नुक्कड़ सभा एवं रोड़ शो जैसे प्रचलित साधनों के माध्यम से सामूहिक प्रचार किया तो वहीं सभी 13033 पोलिंग बूथ स्तर पर बूथ समितियों को सक्रिय किया, 65 हजार से अधिक पन्ना प्रमुखों को जोड़ा और इन सभी के सहयोग से दिल्ली भाजपा ने विधानसभा चुनाव तैयारी में 13033 बूथों पर एक लाख पच्चीस हजार से अधिक ड्रोयिंग रूम बैठकें आयोजित कीं जिनसे भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं से लेकर जिलाध्यक्षों ने लाखों लोगों से सीधा सम्पर्क किया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है की कल चुनाव के दिन संगठनात्मक व्यवस्था अनुसार भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पदधिकारी प्रातः जागरण अभियान श्रृंखला चलाते हुए प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर बूथ प्रमुख तक को प्रातः 5 से 5.15 के बीच उठा कर यह सुनिश्चित करेंगे की सभी पोलिंग ऐजेंट 6.15 बजे तक पोलिंग बूथ पर पहुंच जायें और सभी 13033 पोलिंग बूथों की वोटर पर्ची टेबल प्रातः 6.45 तक लग जाये।
श्री सचदेवा ने कहा है की इस चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं में पार्टी का 26 वर्ष का विपक्ष काल समाप्त करने का ऐसा उत्साह है की कल पार्टी के 1.5 लाख कार्यकर्ता दिल्ली के हर वोटर को मतदान करवाने को प्रेरित करेंगे।