Breaking News

महिलाओं को बराबरी का हक दिलाया पीएम मोदी ने : सीएम योगी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की आधी आबादी को बराबरी का हक दिलाने की खातिर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देकर राजनीति के एजेंडे की धुरी बदलने का काम किया है।

श्री योगी ने सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्‍ठान में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यसमिति बैठक को सम्‍बोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने तीन तलाक की कुप्रथा का खात्मा कर सदियों से प्रताड़ित मुस्लिम महिलाओं को इंसाफ दिलाने का काम किया है जबकि उनकी सरकार मिशन शक्ति अभियान के जरिये महिला सुरक्षा, महिला सम्मान और महिला स्वावलम्बन को प्रमुखता दे रही है।

उन्होने कहा प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश की महिलाओं को पिछलग्‍गू बनने के बजाए नेतृत्‍व करने वाली बनाया। पहली बार सुप्रीम कोर्ट में तीन महिला जजों की नियुक्ति हुई। पीएम मोदी के कार्यकाल में ही सबसे अधिक महिलाओं को देश के राज्‍यों का राज्‍यपाल बनाया गया। आधी आबादी का प्रतिनिधित्व कैसे किया जाए, भाजपा महिला मोर्चा को इसका आदर्श बनना चाहिए। यह बहुत बड़ी जिम्‍मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने राजनीति के एजेंडे की धुरी बदलने का कार्य किया। श्री मोदी के नेतृत्व में जो कार्य देश में हो रहे हैं वह नए भारत की तस्वीर को प्रस्तुत करता है। जिसमें महिलाओं को बराबरी का हक मिला है।

उन्होने कहा कि स्वावलम्बन की ओर यदि कोई महिला अग्रसर होती है तो सिर्फ परिवार ही नहीं पूरे समाज को नेतृत्व देती है। आज प्रदेश में बेटियां अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। 2017 से पहले पश्चिम प्रदेश में बेटियां स्कूल नहीं जा सकती थीं। किसी को पता नहीं था कि घर से निकलने के बाद बेटियां सुरक्षित पहुंचेंगी या नहीं। महिलाएं आज बेखौफ होकर रात में बाहर निकल रही है। महिलाओं के बजाए अब प्रदेश में अपराधी और माफिया भयभीत हैं। बेटियों और बहनों को यह सुरक्षा का वातावरण भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने उपलब्ध कराया है। इसका प्रचार-प्रचार आमजन के बीच में करना और लोगों को जोड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी।