Breaking News

मातृ मृत्यु दर में आई गिरावट

नयी दिल्ली,  स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने सोमवार को कहा कि पिछले तीन वर्ष में मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) में आई गिरावट कई दशकों में सबसे अधिक है और इसमें 37 अंकों की गिरावट आई है।

मंत्रालय में उनकी साथी मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि भारत ने सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता के मामले में प्रभावशाली परिणाम प्राप्त किए हैं जिसके परिणामस्वरूप माताओं, नवजात शिशुओं और बच्चों की मृत्यु में कमी आई है, और स्वास्थ्य परिणामों में सुधार हुआ है।
स्वास्थ्य और पोषण पर ‘महत्वाकांक्षी जिलों’ के अधिकारियों के अभिविन्यास के लिए आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला पर मंत्रियों ने यह बयान दिया।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सहयोग से इसका आयोजन किया था। चौबे ने कहा, ‘‘ मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) में आई गिरावट कई दशकों में सबसे अधिक है और इसमें 37 अंकों की गिरावट आई है, जो 2011-13 में प्रति एक लाख पर 167 की तुलना में 2014-16 में प्रति लाख 130 जन्म तक आ गयी। वर्ष 2013 से अभी तक इसमें 22 प्रतिशत तक की गिरावट आई है।’’