मैनपुरी में महिला की गोली मार कर हत्या

मैनपुरी, उत्तर प्रदर्श में मैनपुरी जिले के कुरावली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक महिला की उसके घर में घुसकर गोली मार कर हत्या कर दी गयी।

पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने सोमवार को बताया कि ग्राम जखौआ निवासी रानी देवी घर में सो रही थी। बीती रात करीब दो बजे के पड़ोसी रूक्म सिंह के लड़के मुनेंद्र के साले संगम ने रानी देवी की गोली मारकर हत्या कर दी। संगम को भागते समय मृतका के परिजनों ने तमंचे सहित दबोच लिया ।

मृतका के पुत्र अरविंद ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि पड़ोसी रुकुम सिंह से पुरानी रंजिश चल रही है। इसी रंजिश के चलते रुकुम ने अपने बेटे मुनेन्द्र, पत्नी सपना और अन्य सहयोगियों के साथ साजिश रची,उन्होंने मुनेन्द्र के साले संगम को बुलाया, जो दो अन्य साथियों के साथ गांव पहुंचा। रात करीब दो बजे रुकुम, मुनेन्द्र, जयपाल, इंद्रजीत उर्फ मीटू और सपना ने संगम को अरविंद के घर की छत पर चढ़ाया। इसके बाद संगम सीढ़ियों के सहारे नीचे उतरा और चारपाई पर सो रही रानी देवी को गोली मारकर भागने लगा।

गोली की आवाज सुनकर वह,उसका भाई प्रदीप और मौसेरी बहन प्रवीना जाग गए। तीनों ने मौके से संगम को हथियार समेत दबोच लिया। बाकी आरोपी छत पर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। घर में जल रहे बल्ब की रोशनी में सभी आरोपियों को पहचान लिया।
घटना के बाद अरविंद ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी संगम को थाने ले गई। अरविंद का कहना है कि रुक्म के लड़के उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button