
मौसम विज्ञान केन्द्र (आईएमडी) के सोमवार को बताया कि पूरे केंद्र शासित प्रदेश में अगले 24 घंटों में आमतौर पर मौसम शुष्क रहने और मंगलवार से हल्की बारिश या फिर गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया गया है। कश्मीर में नौ-10 अप्रैल को काफी बारिश होने और जम्मू क्षेत्र में नौ-11 अप्रैल तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं।
इस बीच, कश्मीर के अधिकतर स्थानों में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो-पांच डिग्री सेल्सियस अधिक और जम्मू संभाग में सामान्य से तीन-पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। दक्षिण कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में घाटी में न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भदेरवाह 11.1 डिग्री सेल्सियस के साथ जम्मू संभाग में सबसे ठंडा रहा। राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। प्रदेश में दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है, कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से सात-नौ डिग्री सेल्सियस अधिक और जम्मू संभाग में सामान्य से पांच-सात डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।