Breaking News

येदियुरप्पा होंगे कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री, आज शाम छह बजे लेंगे शपथ

बेंगलुरु, कर्नाटक में तेजी से बदल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बी एस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को राज्यपाल वजुभाई वाला से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।  राज्यपाल आज शाम छह बजे श्री येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।

राज्यपाल से मुलाकात करने के बाद श्री येदियुरप्पा ने कहा, “ राज्यपाल ने मुझे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है और इस संबंध में एक पत्र सौंपा है।”  श्री येदियुरप्पा ने राज्यपाल से मुलाकात कर 105 विधायकों के समर्थन वाला पत्र सौंपा और बताया कि उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया है। शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता सिद्धारमैया, पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी को भी न्योता दिया गया है।

गौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा में एच डी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस-जनता दल (सेक्यूलर) गठबंधन सरकार 24 जुलाई को विश्वासमत हासिल नहीं कर पाई थी। कांग्रेस-जद(एस) को मात्र 99 और भाजपा को 105 वोट मिले थे। इसके बाद श्री येदियुरप्पा के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया था।  भाजपा की कर्नाटक इकाई के नेताओं ने गुरुवार को ही नयी दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात कर राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति की जानकारी दी थी।