सच्चाई छिपा झूठ फैलाने में माहिर भाजपा: अखिलेश यादव

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भ्रम फैलाने और सच को छिपाने का आरोप लगाया है।

समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया अखिलेश यादव ने रविवार को एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने से पहले सिविल लाइंस में संवाददाताओं से बातचीत में यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सच छिपाने और झूठ के प्रचार में भाजपा को महारथ हासिल है। उसका जीता जागता प्रमाण महाकुंभ है। महाकुंभ पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं से सच छिपाकर बेहतर व्यवस्था का झूठा प्रचार किया गया। उन्होंने कहा कि पहले किसी सरकार में कोई मंत्री प्रोपोगंडा किया करता था लेकिन यहां तो पूरी भाजपा सरकार ही प्रोपोगंडा पर चल रही है।

उन्होंने कहा कि यह “श्रद्धालुओं का महाकुंभ नहीं था यह पूरी तरह राजनीतिक कुंभ था।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि महाकुंभ में 100 करोड़ लोगों की व्यवस्था की गई है, जो पूरी तरह से फ्लाॅप साबित हुई है। महाकुंभ में व्यवस्था कम और प्रचार अधिक था। दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मेला महाकुंभ के मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर हुई दर्दनाक हादसे को रोका जा सकता था लेकिन इस सरकार में अहंकार इतना कि प्रबल है सुझाव और आशंकाओं को भी आलोचना समझा गया।

अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार ने 2013 में कुंभ का आयोजन कराया था। भाजपा को उसी अनुभव के आधार पर सुझाव दे रहे थे लेकिन उसे गंभीरता और सकारात्मक ढंग से लिया गया होता तो महाकुंभ के सबसे बड़े राजसी स्नान “मौनी अमावस्या” पर हुई दर्दनाक घटना से बचा जा सकता था।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हर इवेंट को मुख्यमंत्री भाजपा का इवेंट बनाना चाहते हैं। यह पूरा मिसमैनेजमेंट किया गया है, महाकुंभ पर इतना बड़ा धब्बा लगा है, उसकी सच्चाई हमसे बेहतर आप लोग स्थानीय है बेहतर जानते हैं। हमारे पास बहुत सी बातें नहीं पहुंच पाती।

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संगम नोज पर हुई दर्दनाक हादसे में सरकार आंकड़े क्यों छुपा रही है। आंकड़े इसलिए छिपा रही है कि मुआवजा नहीं देना पड़े। संगम नोज पर उस रात झारखंड के शिवराज गुप्ता की मौत हो गयी। उनका भतीजा यहां मौजूद है। उन्होंने कहा कि उनके भतीजे ने बताया कि उनके चाचा की बाडी का नंबर छह था और उनके पास सभी पेपर मौजूद है फिर क्यों मुआवजा नहीं दे रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने जो मुआवजा देने की बात कही थी उसके स्थान पर दबाव क्यों बनाया जा रहा है। कई परिवार ऐसे हैं जिनके सदस्य अभी भी अपने घर नहीं पहुंचे हैं। सच्चाई यही है कि सरकार हर आंकड़ा छुपाना चाहती है।

उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उन्हें अब दूसरे ग्रह चले जाना चाहिए क्योंकि इस ग्रह में उनके लिए कोई जगह नहीं है।

Related Articles

Back to top button