Breaking News

सूखे से निपटने के लिये योगी सरकार कर रही सर्वे का छलावा : अखिलेश यादव

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जनता के साथ वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में सूखे की छाया मंडरा रही है और किसानों को मुआवजा देने की जगह योगी सरकार अभी तक सर्वे का छलावा कर रही है। अखिलेश ने भाजपा की वादाखिलाफी के सबूत देते हुए कहा कि चुनाव के समय मुख्यमंत्री योगी ने किसानों से मुफ्त सिंचाई का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आते ही भाजपा सरकार अपने वादे से मुकर गई। प्रदेश में सूखे की छाया मंडरा रही है। किसानों को मुआवजा देने की जगह भाजपा सरकार अभी तक सर्वे का छलावा कर रही है। किसानों की आय 2022 तक दुगनी करने का वादा भी भाजपा ने नहीं निभाया। भाजपा सरकार ने अभी तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है।

जनता से वादाखिलाफी करने को भाजपा का वास्तविक चरित्र बताते हुए अखिलेश ने कहा कि चुनाव के समय किसानों को सम्माननिधि दी गई थी, लेकिन अब उनसे वसूली हो रही है। अखिलेश के हवाले से पार्टी द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि जनता को धोखे में रखने के लिए नये नये वादों और जुमलों की हेराफेरी करने में भाजपा को महारथ हासिल है। पवित्र मां गंगा और यमुना नदी से भी भाजपा धोखा करती है। युवाओं को तो छलती ही रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की इन हरकतों से जनता तंग आ चुकी है। अब जनता भाजपा को आगे बर्दाश्त नहीं करेगी। उप्र के अगले विधानसभा चुनाव 2027 में होने से पहले ही जनता भाजपा को 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में ही सबक सिखा देगी।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास की हकीकत भी भाजपा के दावों से बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा कि उद्योगधंधे फाइलों में चल रहे है। नौकरी के नाम पर नौजवानों को सिर्फ भटकाया गया है। परीक्षाओं में धांधली आम बात हो गई है। युवा बेरोजगारों की फौज को राष्ट्र की प्रगति और विकास में भागीदारी से जानबूझकर वंचित किया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की रुचि संविदा और आउटसोर्स के धंधे को बढ़ावा देकर युवाओं को पूंजीपतियों का गुलाम बनाने की हैं। भाजपा सरकार की इन हरकतों को जनता अब बर्दाश्त नहीं करेगी।