शिव मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

जौनपुर, उत्तर प्रदेश के जौनपुर में पवित्र सावन मास के प्रथम सोमवार पर ऐतिहासिक शिव मंदिर त्रिलोचन महादेव समेत सभी शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी, हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के उद्घोष के बीच श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

सभी शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही, श्रद्धालुओं ने शिवालयों में गंगाजल, दूध, दही से जलाभिषेक कर बेलपत्र, चावल व पुष्प से भगवान शिव की पूजा की।

जिले के ऐतिहासिक शिव मंदिर त्रिलोचन महादेव, धर्मापुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर, दियावा नाथ महादेव ,करसूल नाथ मंदिर, सांईनाथ महादेव मंदिर, गौरीशंकर धाम सुजानगंज, गोमतेश्वर महादेव केराकत, पतलनाथ महादेव मेंजा सहित सभी शिवालयों में भक्तों की भीड़ रही। प्रथम सोमवार को देखते हुए शिव मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। व्यवस्था को बनाये रखने के लिये मंदिर प्रशासन के साथ स्थानीय प्रशासन ने पुख्ता बंदोबस्त किये हुये थे।

जिलाधिकारी डॉ दिनेश चन्द्र और पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ ने पुलिस बल के साथ त्रिलोचन महादेव और सुजानगंज में स्थित गौरीशंकर मंदिर पर जाकर निरीक्षण किया और भगवान शिव की पूजा अर्चना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी दर्शनार्थी को कोई असुविधा न होने पाए।

इसी क्रम में नगर के शास्त्रीनगर परमानतपुर स्थित माँ शारदा शक्तिपीठ (मैहर देवी मंदिर) प्रांगण में विराजमान प्राचीनतम शिवलिंग पर भक्तों ने दूध एवं जलाभिषेक किया। मंदिर के पुजारियों ने कहा कि इस बार सावन में चार सोमवार होने से अत्यंत शुभ है, जिसमें भगवान शिव की महिमा भक्तों पर जरूर रहेगी। भक्तों को भगवान शिव की अराधना बड़े ही आस्था पूर्वक करना चाहिये।

शम्भूगंज स्थित साईंनाथ महादेव मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया और शिव भक्तों ने सुबह से ही शिवलिंग पर जलाभिषेक कर विधि विधान से पूजन किया। वहीं मंदिर परिसर में स्थापित श्रीराम जानकी मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने पूजन अर्चन किया। सावन के प्रथम सोमवार पर जिले में कई स्थानों पर कांवरियों द्वारा भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया गया, इसके साथ ही जिले के कई मंदिरों पर प्रसाद वितरण के रूप में भंडारा का भी आयोजन किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button