Breaking News

यूपी के कई जिलों में आज होगी बारिश

लखनऊ, पाकिस्तान के आसपास विकसित हुए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से देश के अन्य उत्तरी राज्यों के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी कल से मौसम का मिजाज बदला। पश्चिमी यूपी में कल शाम को धूल भरी आंधी चली और कई जगह पर हल्की बारिश हुई। मौसम निदेशक जेपी गुप्त के अनुसार शनिवार को भी राज्य के कई जिलों में धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

जेपी गुप्त ने बताया कि यह पश्चिमी विक्षोभ का असर रविवार और सोमवार को भी जारी रहेगा और पूर्वी उत्तर प्रदेश का मौसम खराब बना रहेगा। इसके साथ, कहीं-कहीं ओलावृष्टि के भी आसार जताए गए हैं। मौसम में होने वाला यह बदलाव प्रदेश के किसानों के लिए नई मुसीबत लेकर आने वाला है क्योंकि इन दिनों गेहूं की कटाई जोरों पर चल रही है। तमाम किसानों की कटी हुई फसल खलिहानों में पड़ी हुई है। आंधी-पानी से किसानों को नुकसान हो सकता है।

बुधवार को दक्षिणी-पश्चिम मानसून के पहले दीर्घकालिक पूर्वानुमान के बारे में मौसम निदेशक ने बताया कि इस बार मानसून का पैटर्न थोड़ा बदला हुआ रहेगा। इस लिहाज से उत्तर प्रदेश में मानसून का आगमन 15 से 18 जून के 20 से 25 जून के बीच हो सकता है। उन्होंने कहा कि पहले पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश में भी मानसून सामान्य रहेगा।