Breaking News

उत्तर प्रदेश में हर्षोल्लास से मनाया गया 74वां गणतंत्र दिवस

लखनऊ, राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में गुरुवार को 74वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

मुख्य समारोह लखनऊ में विधानसभा के सामने आयोजित किया गया जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने तिरंगा फहराया और सुरक्षा बलों की परेड की सलामी ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य मंत्रियों के अलावा आला अधिकारी मौजूद थे। विधानसभा के सामने सेना ने शक्ति प्रदर्शन किया। भीष्म 90 टैंक और आधुनिक मशीन गन से लैस सेना के वाहनों को देख कर वहां मौजूद दर्शकों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाये। सेना की सिख रेजीमेंट के अलावा यूपी एटीएस,पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने परेड की।

इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों और सरकारी विभागो की झांकी निकाली गयी और बच्चों ने करतब दिखाये वहीं हेलीकाप्टर ने विधान भवन के ऊपर नीची उड़ान भर कर फूल बरसाये।

बाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर तिरंगा फहराया और लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनायें प्रेषित कीं। इस मौके पर राजधानी की सभी सरकारी इमारतों को तिरंगी झालरों से सजाया गया था। स्कूलों, राजनीतिक दलों के कार्यालय और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर ध्वजारोहण के कार्यक्रम आयोजित किये गये।

कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने झंडारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस मौके पर ध्वज रक्षक की भूमिका में सेवादल के मुख्य संगठक डा प्रमोद कुमार पाण्डेय रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ से हुई। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) दफ्तर में प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने तिरंगे को सलामी दी।

सहारनपुर,कौशांबी,मुरादाबाद,कानपुर,प्रयागराज,जौनपुर,गोरखपुर और फर्रूखाबाद समेत समूचे प्रदेश में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। नोएडा में इंदिरा गांधी कला केंद्र में नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ ऋतु महेश्वरी द्वारा फहराया गया झंडा जबकि आजमगढ़ में प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु ने परेड की सलामी ली वहीं मुरादाबाद में मंत्री जितिन प्रसाद ने परेड की सलामी ली। गोरखपुर में राप्ती नदी के तट पर कलाकारों ने रेत शिल्प के जरिए भारत माता की आकृति बनाई।

सहारनपुर में जिलाधिकारी सुजीत कुमार द्वारा कलेक्ट्रेट प्रांगण में झण्डारोहण किया गया। कौशांबी में जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में झण्डारोहण कर कलेक्ट्रेट के अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान प्रस्तावना संकल्प की शपथ दिलाई। जौनपुर में बूंदाबांदी के बीच मुख्य समारोह पुलिस लाइन में आयोजित किया गया ,जहां प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद यादव ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरान्त शांति का प्रतीक कबूतर एवं गुब्बारा उड़ाया गया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com