Breaking News

बीजेपी ने मायावती को अपशब्द बोलने वाले, दयाशंकर की पत्नी को दिया टिकट

swati-2-580x395लखनऊ,  भारतीय जनता पार्टी ने राजधानी की सरोजनी नगर विधानसभा से महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष स्वाति सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

स्वाति सिंह पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह की पत्नी हैं, जो बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती को अपशब्द बोलने के कारण सुर्खियों में आए थे। इसके बाद प्रदेश का सियासी पारा बेहद गरम हो गया और भाजपा ने दयाशंकर को पार्टी से निष्कासित भी कर दिया था। वहीं बसपाइयों ने इस पर काफी विरोध जताया था। मायावती समर्थकों ने इसके बाद अपने प्रदर्शन में दयाशंकर के परिवार की महिलाओं पर व्यक्तिगत हमला किया था, जिसको लेकर स्वाति सिंह खुलकर सामने आ गई थीं। उन्होंने अपने पति की टिप्पणी से खुद को अलग करने के साथ बसपाइयों पर पलटवार किया था।

स्वाति सिंह ने अपने और अपनी बेटी के खिलाफ बसपाइयों द्वारा अपमानजनक शब्द कहने पर मायावती पर भी हमला बोला था और उन पर सवाल उठाए थे। इसके बाद वह बेहद सुर्खियों में आ गई थीं और महिला सम्मान के नाम पर उन्हें बड़ा समर्थन मिला। स्वाति सिंह ने मायावती को चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए उनके खिलाफ ताल ठोकने की भी बात कही थी। इसके बाद स्वाति को भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा का अध्यक्ष भी बनाया गया। स्वाति ने तब पूरे प्रदेश की महिलाओं के मुद्दे उठाने और उनकी लड़ाई लड़ने की बात कही थी। वहीं अब उन्हें सरोजनीनगर विधानसभा से टिकट दिया गया है। इस सीट पर बसपा ने शिवशंकर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। जबकि इसी सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार में मंत्री रह चुके शारदा प्रताप शुक्ला निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने जा रहे हैं। सपा ने उनका टिकट काट दिया है। इसलिए लखनऊ की इस विधानसभा चुनाव में बेहद रोचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *