Breaking News

मिशन शक्ति:सरकार महिलाओं को करेगी जागरूक

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश की योगी सरकार मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी।
आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि मिशन शक्ति अभियान से प्रदेश में आधी आबादी के लिए सकारात्‍मक बयार देखने को मिली है।

इस अभियान से शहरी और ग्रामीण महिलाओं के कदम तेजी से विकास पथ पर बढ़ रहे हैं। आधी आबादी को सशक्‍त बनाने के लिए योगी सरकार के इस अभियान से न सिर्फ महिलाओं को स्‍वावलंबी बनाने का कार्य किया जा रहा है बल्कि उनको उनके अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। महिला कल्‍याण विभाग की ओर से प्रदेशव्‍यापी इस अभियान को गति देने के लिए हर माह नए कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं ओर बेटियों को जागरूक किया जा रहा है।

उन्होने बताया कि विभाग की ओर से सितंबर माह में महिलाओं और बेटियों को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया जाएगा जिसके तहत 21 सितंबर तक महिलाओं और बच्‍चों के प्रति हिंसा से जुड़े विभिन्‍न कानूनों व प्रावधानों के बारे में जागरूक किया जाएगा। महिलाओं और बच्‍चों के साथ होने वाले उत्पीडन घरेलू हिंसा,नशे में मारपीट, तस्करी, बाल विवाह, भेदभाव, बालश्रम अन्‍य शोषणों के विरूद्ध ग्राम सभाओं के स्तर पर जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। विभिन्न टीमें बनाकर अलग-अलग ब्लॉकों की ग्राम सभाओं में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सूत्रों ने बताया कि इन कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं को जागरूक करने के साथ ही उनको प्रदेश सरकार की योजनाओं से सीधे तौर पर महिलाओं को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। अगस्‍त में आयोजित हुए इस कैंप के जरिए निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना समेत दूसरी अन्य योजनाओं की जानकारी देने के साथ साथ योजनाओं के आवेदन भी एक ही छत के नीचे स्‍वीकार किए गए।